SBI कर रही 4,700 करोड़ रुपये से ज्यादा के डॉलर बॉन्ड बेचने की तैयारी
भारतीय स्टेट बैंक (SBI) 5 साल के डॉलर बॉन्ड बेचकर कम से कम 50 करोड़ डॉलर (करीब 4,750 करोड़ रुपये) जुटाने की तैयारी कर रहा है।
ये बॉन्ड अमेरिका की मुद्रा डॉलर में बेचे जाएंगे। कितनी रकम जुटाई जाएगी, यह इस बात पर निर्भर करेगा कि निवेशक इनमें कितनी दिलचस्पी दिखाते हैं।
इनकी कीमत अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड्स से 120 बेसिस पॉइंट्स ऊपर तय की जाएगी। SBI ने इस सप्ताह से बॉन्ड के लिए मार्केटिंग शुरू कर दी है और बैंक की उम्मीद है कि यह सौदा शुक्रवार तक पूरी हो जाएगा।
जून में होने वाली बॉन्ड बिक्री को टाला
जून में SBI ने एक अरब डॉलर (करीब 90 अरब रुपये) के बॉन्ड जारी करने की योजना बनाई थी, लेकिन तब इसे टाल दिया गया था क्योंकि उस समय ब्याज दरें काफी महंगी हो रही थीं।
फिलहाल, SBI ने इस नई पेशकश पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन यह इस बात का संकेत है कि बैंक मौजूदा बाजार के हालात के हिसाब से अपनी फंडिंग रणनीति में बदलाव कर रहा है।