एनवीडिया AI चिप्स खरीदने के लिए स्पेस-X जुटाएगी 3,900 अरब रुपये, कौन-कौन करेगा निवेश?
क्या है खबर?
अरबपति एलन मस्क की अंतरिक्ष कंपनी स्पेस-X ने एनवीडिया के AI चिप्स खरीदने के लिए 40 अरब डॉलर (लगभग 3,900 अरब रुपये) जुटाने की योजना बनाई है। फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, एसेट मैनेजर अपोलो ग्लोबल मैनेजमेंट इस फंडिंग की अगुवाई करेगा। स्पेस-X करीब 10 अरब डॉलर का बैंक लोन और 30 अरब डॉलर का निवेश-ग्रेड कर्ज जुटाने पर विचार कर रही है। इस पैसे का इस्तेमाल एनवीडिया के एडवांस्ड चिप्स खरीदने में किया जाएगा।
वजह
AI की बढ़ती जरूरत बनी वजह
स्पेस-X की इस बड़ी फंडिंग योजना के पीछे AI कारोबार में बढ़ती कंप्यूटिंग जरूरत को अहम वजह माना जा रहा है।
टेक कंपनियां एडवांस्ड प्रोसेसर खरीदने और AI सिस्टम चलाने के लिए बड़े डाटा सेंटर तैयार करने में भारी निवेश कर रही हैं। मॉर्गन स्टेनली का अनुमान है कि 2028 तक AI इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 1.5 लाख करोड़ डॉलर की बाहरी निवेश की जरूरत पड़ सकती है।
स्पेस-X का प्रस्ताव इसी बढ़ते खर्च को दिखाता है।
फंडिंग
अपोलो करेगा फंडिंग की अगुवाई
रिपोर्ट के अनुसार, अपोलो इस सौदे को आगे बढ़ाएगा और कई निवेशकों के साथ कर्ज की व्यवस्था साझा करेगा।
इनमें बॉन्ड फंड पिम्को भी शामिल है, जो बातचीत कर रहे कर्जदाताओं के छोटे समूह का हिस्सा है। इस फाइनेंसिंग सौदे के 2027 में पूरा होने की उम्मीद है। खबर सामने आने के बाद बाजार में भी प्रतिक्रिया दिखी।
स्पेस-X से जुड़ी रॉकेट और अंतरिक्ष यान कंपनी के शेयर करीब 1 प्रतिशत नीचे रहे, जबकि एनवीडिया के शेयर चढ़े।
भरोसा
एनवीडिया हार्डवेयर पर मस्क का भरोसा
मस्क ने पिछले महीने कहा था कि उनकी AI कंपनी xAI का कोलोसस-2 डाटा सेंटर दिसंबर तक इस्तेमाल होने वाले एनवीडिया चिप्स की संख्या दोगुने से अधिक कर सकता है।
मस्क ने बताया कि कंपनी अपने डाटा सेंटर तैयार करने के लिए मुख्य रूप से एनवीडिया हार्डवेयर का इस्तेमाल करेगी।
दूसरी ओर, एनवीडिया ने अगस्त में कई बड़ी वित्तीय कंपनियों के साथ साझेदारी की थी, जिसका लक्ष्य AI इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं के लिए 500 अरब डॉलर जुटाना है।