LOADING...
साबुन और बिस्कुट जैसे रोजमर्रा के सामान हो सकते हैं महंगे, FMCG कंपनियां बढ़ाएंगी कीमत
रोजमर्रा के सामान हो सकते हैं महंगे

साबुन और बिस्कुट जैसे रोजमर्रा के सामान हो सकते हैं महंगे, FMCG कंपनियां बढ़ाएंगी कीमत

May 10, 2026
04:57 pm

क्या है खबर?

देश में साबुन, बिस्कुट, पैकेज्ड फूड, ड्रिंक्स और दूसरे रोजमर्रा के सामान जल्द महंगे हो सकते हैं। बड़ी FMCG कंपनियों ने संकेत दिए हैं कि बढ़ती लागत की वजह से कीमतें बढ़ाई जा सकती हैं। कंपनियों का कहना है कि कच्चे तेल की ऊंची कीमत, पैकेजिंग खर्च और बढ़ते ट्रांसपोर्ट खर्च से दबाव बढ़ रहा है। कई कंपनियां पहले ही 3-5 प्रतिशत तक कीमतें बढ़ा चुकी हैं। अब आने वाले महीनों में ग्राहकों पर और असर पड़ सकता है।

वजह

बढ़ती लागत बनी बड़ी वजह

कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय तनाव और सप्लाई चेन की दिक्कतों से लागत लगातार बढ़ रही है। डाबर ने बताया कि इस साल उसे करीब 10 प्रतिशत महंगाई का सामना करना पड़ रहा है। वहीं ब्रिटानिया ने फ्यूल और पैकेजिंग खर्च में लगभग 20 प्रतिशत बढ़ोतरी की बात कही है। कई कंपनियां बड़े पैक की कीमत बढ़ाने और छोटे पैक का वजन कम करने की तैयारी में हैं, ताकि बाजार में कम कीमत वाले पैक बनाए रखे जा सकें।

आकार

घट सकता है छोटे पैक का आकार

HUL, पिडिलाइट और मैरिको जैसी कंपनियों ने भी लागत बढ़ने की बात कही है। कंपनियां कीमतें बढ़ाने के साथ कुछ प्रोडक्ट्स का ग्रामेज घटाने पर भी काम कर रही हैं। कई कंपनियां 5, 10 और 15 रुपये वाले छोटे पैक को बनाए रखने के लिए कम मात्रा देने का रास्ता अपना सकती हैं। कंपनियों का कहना है कि कच्चे माल, LPG, पैकेजिंग और ट्रांसपोर्ट का खर्च तेजी से बढ़ा है, जिसका असर अब सीधे बाजार में दिख सकता है।

Advertisement

कंपनियां

खर्च कम करने में जुटीं कंपनियां

कई FMCG कंपनियां लागत कम करने के लिए डिस्काउंट और प्रमोशनल ऑफर भी घटा रही हैं। वरुण बेवरेजेज ने कहा कि बाजार में कई कंपनियों ने छूट कम करना शुरू कर दिया है। वहीं नेस्ले इंडिया का कहना है कि आने वाले समय में हालात और चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। कंपनियां फिलहाल सप्लाई सुधारने, खर्च नियंत्रित करने और सीमित कीमत बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही हैं। इसके बावजूद आम ग्राहकों पर महंगाई का असर बढ़ने की आशंका है।

Advertisement