स्नैपचैट और परप्लेक्सिटी के बीच 3,800 करोड़ रूपये की AI साझेदारी हुई खत्म
क्या है खबर?
स्नैपचैट की मूल कंपनी स्नैप और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी परप्लेक्सिटी के बीच हुई साझेदारी अब खत्म हो गई है। इन दोनों कंपनियों के बीच स्नैपचैट में AI फीचर्स लाने के लिए पिछले साल 40 करोड़ डॉलर (लगभग 3,800 करोड़ रूपये) की साझेदारी हुई थी। इस योजना के तहत स्नैपचैट ऐप में AI सर्च तकनीक जोड़ने की तैयारी चल रही थी। हालांकि, अब दोनों कंपनियों ने आपसी सहमति से इस समझौते को खत्म कर दिया है।
सहमति
बड़े स्तर पर लागू करने पर नहीं बनी सहमति
रिपोर्ट के अनुसार, परप्लेक्सिटी की AI तकनीक की टेस्टिंग स्नैपचैट में शुरू भी हो गई थी, लेकिन इसे पूरी तरह लॉन्च नहीं किया जा सका। दोनों कंपनियां इस फीचर को बड़े स्तर पर लागू करने के तरीके पर सहमत नहीं हो पाईं। पर्प्लेक्सिटी के प्रवक्ता ने कहा कि यह फीचर दोनों कंपनियों के प्रोडक्ट लक्ष्यों के हिसाब से सही नहीं बैठ रहा था। इसके बाद दोनों पक्षों ने बातचीत करके साझेदारी को शांतिपूर्ण तरीके से खत्म करने का फैसला लिया।
फीचर्स
स्नैप अब नए AI फीचर्स पर कर रही काम
साझेदारी खत्म होने के बावजूद स्नैप अपने प्लेटफॉर्म पर दूसरे AI फीचर्स लाने की दिशा में काम कर रही है। कंपनी ने हाल ही में "AI स्पॉन्सर्ड स्नैप्स" फीचर शुरू किया है। इसके जरिए ब्रांड्स यूजर्स की चैट में AI एजेंट्स को दिखा सकेंगे। स्नैप CEO इवान स्पीगल का कहना है कि चैट फीचर को कमाई के नए तरीके के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। कंपनी AI को स्नैपचैट के भविष्य के लिए बेहद अहम मान रही है।
तैयारी
AR ग्लासेस को लेकर भी बड़ी तैयारी
स्नैप आने वाले समय में अपने नए AR ग्लासेस ' का कंज्यूमर वर्जन भी पेश करने की तैयारी कर रही है। भविष्य में लोग मोबाइल और कंप्यूटर पर कम समय बिताएंगे और AI एजेंट्स ज्यादा काम संभालेंगे। स्पीगल ने कहा कि वियरेबल टेक्नोलॉजी आने वाले समय में तेजी से लोकप्रिय हो सकती है। स्नैप अगले महीने कैलिफोर्निया में होने वाले एक बड़े टेक इवेंट में अपने नए AR ग्लासेस से जुड़ी और जानकारी साझा कर सकती है।