स्नैप में बड़ी छंटनी का ऐलान, 1,000 कर्मचारियों को निकलेगी कंपनी
क्या है खबर?
लोकप्रिय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म स्नैपचैट की मूल कंपनी स्नैप बड़ी संख्या में कर्मचारियों की छंटनी करने की योजना बना रही है। कंपनी ने करीब 1,000 कर्मचारियों को निकालने का फैसला किया है, जो इसके कुल कर्मचारियों का लगभग 16 प्रतिशत है। इसके साथ ही 300 से ज्यादा खाली पद भी खत्म किए जाएंगे। इस कदम का मकसद खर्च कम करना और कंपनी के कामकाज को ज्यादा तेज और बेहतर बनाना बताया जा रहा है।
विभाग
किन विभागों पर पड़ेगा असर?
इस छंटनी का असर कंपनी के कई हिस्सों पर पड़ने की उम्मीद है। खासतौर पर प्रोडक्ट, टेक्नोलॉजी और कुछ कॉर्पोरेट टीमों में काम करने वाले कर्मचारी प्रभावित हो सकते हैं। कंपनी अपनी संरचना को सरल बनाना चाहती है ताकि कम संसाधनों में ज्यादा काम हो सके। इसके अलावा, कुछ पुराने और कम जरूरी प्रोजेक्ट्स को भी कम किया जा सकता है, जिससे टीमों का आकार छोटा किया जा रहा है और काम को ज्यादा फोकस्ड बनाया जा रहा है।
कोशिश
तेजी से खर्च घटाने की कोशिश
इस फैसले के पीछे मुख्य वजह खर्च में कटौती और बेहतर परफॉर्मेंस की कोशिश है। कंपनी साल के दूसरे हिस्से तक करीब 50 करोड़ डॉलर (लगभग 4,700 करोड़ रुपये) की बचत करना चाहती है। छंटनी प्रक्रिया में 9.5-13 करोड़ डॉलर (लगभग 890-1,200 करोड़ रुपये) तक खर्च आने का अनुमान है, जो कर्मचारियों को दिए जाने वाले मुआवजे में जाएगा। इरेनिक कैपिटल मैनेजमेंट जैसे निवेशकों का दबाव भी इस फैसले की एक बड़ी वजह माना जा रहा है।
चुनौतियां
बढ़ती प्रतिस्पर्धा और अन्य चुनौतियां
कंपनी को मेटा और अल्फाबेट जैसे बड़े प्लेटफॉर्म से कड़ी टक्कर मिल रही है, जिससे इसके राजस्व पर असर पड़ा है। साथ ही, कंपनी का स्मार्ट ग्लास प्रोजेक्ट भी उम्मीद के मुताबिक सफल नहीं रहा है, जिसमें भारी निवेश किया गया है। कंपनी अब अपने बिजनेस को मजबूत बनाने और भविष्य में बेहतर कमाई के लिए नई रणनीतियों पर काम कर रही है, ताकि बाजार में अपनी पकड़ दोबारा मजबूत कर सके।