AI की लहर के कारण सिंगापुर ने 5.5 फीसदी तक बढ़ाया आर्थिक विकास का अनुमान
सिंगापुर ने 2026 के लिए अपने आर्थिक विकास के अनुमान को बढ़ा दिया है। अब उम्मीद है कि देश की अर्थव्यवस्था 4.5 से 5.5 फीसदी की दर से बढ़ेगी, जबकि पहले यह अनुमान 2 से 4 फीसदी का था। इसकी मुख्य वजह दुनियाभर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर बढ़ता उत्साह और इसमें हो रहा भारी निवेश है। इसके साथ ही, मध्य पूर्व में चल रहे संघर्ष का असर भी अर्थव्यवस्था पर उतना नहीं पड़ा, जितनी आशंका पहले जताई गई थी।
गौरतलब है कि पिछले साल की दूसरी तिमाही में सिंगापुर की अर्थव्यवस्था में 5.9 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई थी, जो उम्मीद से थोड़ी ज्यादा थी।
गैर-तेल निर्यात में 16 फीसदी तक की बढ़ोतरी की उम्मीद
गैर-तेल घरेलू निर्यात में भी पहले के मुकाबले काफी तेजी से बढ़ोतरी होने की संभावना है। अब अनुमान है कि 2026 में यह 14 से 16 फीसदी की दर से बढ़ेगा, जिसका कारण दुनियाभर में AI की तेज मांग है। मध्य पूर्व में चल रहे संघर्ष के कारण आपूर्ति श्रृंखला में आ रही बाधाओं और अमेरिका द्वारा सिंगापुर के निर्यात पर लगाए गए 12.5 फीसदी टैरिफ के बावजूद अधिकारियों का मानना है कि कुल मिलाकर आर्थिक विकास सही दिशा में रहेगा। इसी बीच, परिवारों और छोटे-बड़े व्यवसायों को ईंधन की बढ़ती कीमतों के असर से बचाने के लिए सरकार ने पिछले महीने 90 करोड़ सिंगापुर डॉलर (6,700 करोड़ रुपये) का एक सहायता पैकेज भी जारी किया था।
अर्थशास्त्रियों का मानना है कि AI में लगातार हो रहा निवेश साल के बाकी बचे महीनों में भी सकारात्मक माहौल बनाए रखेगा।