सेवानिवृत्ति के बाद क्रेडिट कार्ड रखना चाहिए या नहीं? जानिए कैसे लें निर्णय
क्या है खबर?
पहले क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल ज्यादातर नौकरीपेशा लोगों तक सीमित था, लेकिन अब आपतकालीन जरूरतों के लिए सेवानिवृत्त लोग भी इनका उपयोग कर रहे हैं। सही तरीके से इस्तेमाल करने पर यह उनके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। सेवानिवृत्ति के बाद आय सीमित हो जाती है, इसलिए क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल सोच-समझकर करना बहुत जरूरी है। आइए जानते हैं सेवानिवृत्त लोगों को क्रेडिट कार्ड लेना चाहिए या नहीं और इसका सही उपयोग कैसे करें।
फायदा
क्या है क्रेडिट कार्ड के फायदे?
सेवानिवृत्त लोगों के लिए क्रेडिट कार्ड कई सुविधाएं देते हैं। इनसे कैशलेस और सुरक्षित भुगतान आसान हो जाता है। किराना, दवा, बिजली बिल जैसी रोजमर्रा की जरूरतों पर कैशबैक और रिवॉर्ड पॉइंट्स मिल सकते हैं। इमरजेंसी में तुरंत पैसे का इंतजाम हो जाता है। कई बैंक फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) बैक्ड सिक्योर्ड क्रेडिट कार्ड देते हैं, जिसमें सैलरी प्रूफ की जरूरत नहीं पड़ती। इससे क्रेडिट स्कोर भी अच्छा बना रहता है, जो भविष्य में लोन लेने में मदद करता है।
जोखिम
सेवानिवृत्त लोगों के लिए क्या हैं इसके जोखिम?
क्रेडिट कार्ड से फायदों के साथ जोखिम भी जुड़े हैं। समय पर पूरा भुगतान न किया जाए तो ऊंचा ब्याज लगता है और कर्ज बढ़ सकता है। सेवानिवृत्ति के बाद आय कम होने से यह बोझ बन सकता है। जानकारों के अनुसार, छिपे चार्ज, वार्षिक फीस और लेट पेमेंट पेनाल्टी समस्या पैदा करते हैं। वृद्ध लोग फ्रॉड और फिशिंग का आसान शिकार हो सकते हैं। खर्च करने की आदत से बजट बिगड़ सकता है और मानसिक तनाव बढ़ सकता है।
चुनाव
इन बातों का ध्यान रख करें चुनाव
सेवानिवृत्त लोगों को सिर्फ कम फीस वाला क्रेडिट कार्ड रखना चाहिए। इसे केवल जरूरी खर्चों- किराना, बिल और स्वास्थ्य पर ही इस्तेमाल करें। पूरा बकाया बिल समय पर चुकाना जरूरी है और ऑटोमैटिक डेबिट की सुविधा ले सकते हैं। कार्ड लेने से पहले किसी वित्तीय सलाहकार से जरूर सलाह लें। अपनी आय, खर्च और जरूरतों को ध्यान में रखकर फैसला करें। सही तरीके से इस्तेमाल करने पर कार्ड जीवन को आरामदायक बना सकता है, लेकिन लापरवाही महंगी पड़ सकती है।