शेयर बाजार में सुबह 500 अंक लुढ़का सेंसेक्स, क्या है इस गिरावट की वजह?
क्या है खबर?
भारतीय शेयर बाजार में आज (14 जुलाई) बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है। बाजार खुलने के कुछ ही देर बाद सेंसेक्स में 500 अंकों से अधिक की गिरावट दर्ज हुई। सुबह 11:20 के आसपास सेंसेक्स 312 अंकों की गिरावट के साथ 77,304 अंक पर कारोबार कर रहा था, वहीं निफ्टी 80 अंक टूटकर 24,130 पर था। शुरुआती कारोबार में बैंकिंग, ऑटो, रियल्टी और वित्तीय शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली देखने को मिली, जिससे बाजार पर दबाव बढ़ गया।
#1
पश्चिम एशिया का तनाव और तेल की बढ़ती कीमत
अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है।
इसी बीच ब्रेंट क्रूड की कीमत 2 प्रतिशत से ज्यादा बढ़कर करीब 85 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई। भारत अपनी जरूरत का लगभग 85 से 90 प्रतिशत कच्चा तेल आयात करता है।
ऐसे में तेल महंगा होने से आयात बिल बढ़ने, महंगाई पर दबाव बनने और कंपनियों की लागत बढ़ने की आशंका से निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया है।
#2
महंगाई, व्यापार घाटा और रुपये पर दबाव
जून में खुदरा महंगाई बढ़कर 4.38 प्रतिशत पर पहुंच गई, जो भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के 4 प्रतिशत लक्ष्य से ऊपर है।
वहीं जून में देश का व्यापार घाटा बढ़कर 30.43 अरब डॉलर (लगभग 2,900 अरब रुपये) हो गया, जो पांच महीने का सबसे ऊंचा स्तर है। इसी दौरान रुपया भी डॉलर के मुकाबले कमजोर होकर 96.10 पर पहुंच गया।
इन आर्थिक आंकड़ों ने भी शेयर बाजार की कमजोरी को और बढ़ा दिया है।
#3
कंपनियों के नतीजों पर रहेगी निवेशकों की नजर
वैश्विक तनाव और आर्थिक चुनौतियों के बीच अब निवेशकों की नजर कंपनियों के पहली तिमाही के नतीजों पर टिकी हुई है।
बाजार को उम्मीद है कि कंपनियां अपनी कमाई और आगे की कारोबारी स्थिति को लेकर क्या संकेत देती हैं। नतीजे उम्मीद से कमजोर रहते हैं, तो बाजार पर दबाव और बढ़ सकता है।
वहीं अच्छे नतीजे आने से निवेशकों का भरोसा लौटने और बाजार को कुछ राहत मिलने की संभावना रहेगी।