शपूरजी पलोनजी के बॉन्ड ने धनी निवेशकों को लुभाया, टाटा संस के IPO पर टिका रिटर्न
शपूरजी पलोनजी ग्रुप (SP) ने पिछले महीने 2.7 अरब डॉलर का बॉन्ड लॉन्च किया है, जिसने अमीर निवेशकों और फैमिली ऑफिस का ध्यान खींचा है।
ये बॉन्ड साइरस इन्वेस्टमेंट्स की टाटा संस में 9.185 फीसदी की सीधी हिस्सेदारी को गिरवी रखकर जारी किए गए हैं, लेकिन इसमें एक बड़ा पेंच है। इनका रिटर्न पूरी तरह से इस बात पर निर्भर करेगा कि टाटा संस आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) लाता है या नहीं और इसकी कोई पक्की गारंटी भी नहीं है।
विशेषज्ञ दे रहे सावधानी बरतने की सलाह
ये बॉन्ड 3 साल की अवधि और करीब 19 फीसदी के शुरुआती रिटर्न की पेशकश कर रहे हैं, जिससे ड्यूश बैंक और सेजओक कैपिटल जैसे बड़े निवेशक इनकी ओर खिंच रहे हैं।
इसके बावजूद, विशेषज्ञ सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं क्योंकि इस पूरी योजना का आधार टाटा संस का IPO लाना या SP के लिए किसी और तरीके से पैसा जुटाना ही है।
इतना ही नहीं, टाटा संस पर नियामक जांच का खतरा है और SP पर भी 21,350 करोड़ रुपये का कर्ज है, जिसकी वजह से इस निवेश में काफी अनिश्चितता बनी हुई है।