शैडोफैक्स ने 23 करोड़ रुपये में किया वीफास्ट का अधिग्रहण, जानिए क्या है मकसद
क्या है खबर?
लॉजिस्टिक्स कंपनी शैडोफैक्स टेक्नोलॉजीज ने 23.3 करोड़ रुपये में वीफास्ट (बोर्जो इंडिया) का अधिग्रहण कर लिया है। इसके साथ ही कंपनी ने शहर के भीतर सामान पहुंचाने वाले 'ऑन-डिमांड' बाजार में कदम रखा है क्योंकि वह अपने हाइपरलोकल लॉजिस्टिक्स कारोबार का विस्तार करना चाहती है। कंपनी ने बताया कि इस अधिग्रहण से शैडोफैक्स छोटे और मध्यम व्यवसायों (SMEs) और व्यक्तिगत ग्राहकों को शहर के भीतर डिलीवरी की सुविधा दे सकेगी। इससे उसके कामकाज में एक नया सेगमेंट जुड़ जाएगा।
फायदा
अधिग्रहण से शैडोफैक्स को क्या होगा फायदा?
शैडोफैक्स ने कहा कि इस अधिग्रहण से ऐसे क्षेत्र में संगठित लॉजिस्टिक्स सेवाएं लाने में मदद मिलेगी, जो अभी काफी हद तक स्थानीय टेंपो ऑपरेटर्स और अनौपचारिक कूरियर नेटवर्क पर निर्भर है।
शहरों के भीतर सामान का परिवहन भारत के बड़े लॉजिस्टिक्स बाजारों में से एक है, जहां छोटे व्यवसायों और उपभोक्ताओं के बीच डिजिटल सेवाओं को अपनाने का चलन तेजी से बढ़ रहा है।
यह सौदा हाइपरलोकल डिलीवरी के क्षेत्र में शैडोफैक्स के विस्तार को और मजबूत करती है।
खासियत
क्या है वीफास्ट की खासियत?
2016 में मुंबई में स्थापित वीफास्ट 5 से अधिक शहरों में काम करती है और इसके पास 32,000 से अधिक डिलीवरी पार्टनर्स का नेटवर्क है।
कंपनी सालाना 1.2 करोड़ से अधिक डिलीवरी करती है और 2025 में इसका समायोजित राजस्व लगभग 200 करोड़ रुपये रहा।
इसके प्लेटफॉर्म के जरिए दुकानदार, वितरक और आम ग्राहक शहर के भीतर डिलीवरी के लिए जरूरत पड़ने पर दोपहिया, तिपहिया और चौपहिया वाहन बुक कर सकते हैं। इसमें रियल-टाइम ट्रैकिंग की सुविधा भी मिलती है।