नवंबर में बदलेंगे पैसों से जुड़े कई नियम, जान लें जरूरी तारीखें
क्या है खबर?
नवंबर का महीना शुरू होते ही आम लोगों के लिए पैसों से जुड़े कई बदलाव लागू होंगे। इनका असर बुजुर्गों की पेंशन से लेकर टैक्स भरने और निवेश करने वालों तक पर पड़ेगा। कुछ जरूरी कामों को पूरा करने के लिए इस महीने आखिरी तारीख भी तय है। इसके अलावा, GST के नियमों में बदलाव होगा। वहीं, बैंक FD की ब्याज दरें बदल सकते हैं और गोल्ड बॉन्ड में निवेश करने वालों को पैसा निकालने का मौका मिलेगा।
#1
पेंशन और इनकम टैक्स से जुड़े कामों की डेडलाइन`
सरकारी और दूसरे पेंशन पाने वाले लोगों को 30 नवंबर तक अपना जीवन प्रमाण पत्र देना होगा। ऐसा नहीं करने पर उनकी पेंशन रुक सकती है।
वहीं, जिन कारोबारियों और अन्य करदाताओं के लिए अकाउंट्स की जांच कराना जरूरी है, उन्हें अब 21 नवंबर तक आयकर रिटर्न जमा करने की छूट मिलेगी। पहले इसकी आखिरी तारीख 31 अक्टूबर थी।
इसके अलावा, 1 नवंबर से GST के कुछ नियम बदल जाएंगे। इनसे कारोबारियों के लिए रिफंड लेना आसान हो सकता है।
#2
FD कराने से पहले ब्याज दरों की जानकारी जरूरी
नवंबर में अलग-अलग बैंक अपनी FD पर मिलने वाले ब्याज में बदलाव कर सकते हैं।
ऐसे में जो लोग बैंक में पैसा जमा करने की योजना बना रहे हैं, उन्हें नई दरों की जानकारी लेनी चाहिए। अलग-अलग बैंकों में जमा की अवधि के हिसाब से ब्याज अलग हो सकता है। इसलिए पैसा लगाने से पहले बैंकों के ऑफर की तुलना करना बेहतर रहेगा।
इसके अलावा, गोल्ड बॉन्ड में निवेश करने वालों के लिए भी इस महीने कुछ तारीखें तय हैं।
#3
गोल्ड बॉन्ड निवेशकों के लिए नवंबर में चार मौके
सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड की 4 किस्तों में पैसा लगाने वाले निवेशक नवंबर में समय पूरा होने से पहले अपना निवेश वापस ले सकेंगे।
इसके लिए 2021-22 सीरीज-7 की तारीख 2 नवंबर तय की गई है। वहीं, 2020-21 सीरीज-8 के निवेशक 18 नवंबर और सीरीज-2 के निवेशक 19 नवंबर को पैसा निकाल सकेंगे।
इसके अलावा, 2021-22 सीरीज-1 के लिए 25 नवंबर की तारीख तय है। निवेशकों को अपनी बॉन्ड सीरीज के हिसाब से तारीख देखनी होगी।