Loading...
सेवन सीज हॉस्पिटैलिटी का खाद्य लाइसेंस निलंबित, जांच में मिलीं कॉकरोच और मक्खियां
FSSAI ने सेवन सीज हॉस्पिटैलिटी पर की कार्रवाई

सेवन सीज हॉस्पिटैलिटी का खाद्य लाइसेंस निलंबित, जांच में मिलीं कॉकरोच और मक्खियां

Sep 30, 2026
06:40 pm

क्या है खबर?

खाने की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर नियमों का पालन नहीं करने पर भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने सेवन सीज हॉस्पिटैलिटी के खिलाफ कार्रवाई की है। जांच के दौरान दिल्ली के रोहिणी में स्थित सेवन सीज हॉस्पिटैलिटी परिसर में खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कई गंभीर कमियां सामने आईं। इसके बाद नियामक ने कंपनी का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निरीक्षण में सफाई और परिसर की व्यवस्था से जुड़े नियमों का पालन नहीं मिला।

खामियां

खाने की चीजों में मिली कई खामियां

निरीक्षण के दौरान कई खाद्य सामग्री खराब हालत में मिली।

अधिकारियों को टमाटर, पपीता, गुड़ और काजू पर फंगस मिली, जबकि शिमला मिर्च सड़ी हुई थी। खाना बनाने का तेल भी काला और खराब पाया गया।

इसके अलावा, मांस और शाकाहारी भोजन को अलग नहीं रखा गया था। मांस के भंडारण में भी कमी मिली। कोल्ड स्टोरेज में रखे खाद्य पदार्थों पर पानी की बूंदें गिरने की समस्या भी सामने आई।

करीब 74 किलो और लीटर सामान नष्ट किया गया।

सफाई

सफाई और बुनियादी व्यवस्था भी खराब मिली

FSSAI के निरीक्षण में परिसर की सफाई व्यवस्था में भी कई कमियां सामने आईं।

जगह-जगह पानी जमा था और दुर्गंध के साथ गंदगी मिली। अधिकारियों को भोजन तैयार करने वाली जगहों पर पर्याप्त सफाई नहीं मिली। परिसर में कॉकरोच और घरेलू मक्खियां भी पाई गईं।

इसके अलावा, रेफ्रिजरेशन से पानी का रिसाव, ज्यादा बर्फ जमना, दीवारों का प्लास्टर उखड़ना और पर्याप्त कोल्ड स्टोरेज की कमी सामने आई। वेंटिलेशन और रोशनी की व्यवस्था भी नियमों के अनुसार नहीं पाई गई।

ADVERTISEMENT

आदेश

कारोबार बंद रखने का आदेश

निरीक्षण में सफाई, रिकॉर्ड रखने और पानी की जांच से जुड़े नियमों का भी सही पालन नहीं मिला।

FSSAI के अनुसार, सेवन सीज हॉस्पिटैलिटी को सिर्फ 30 प्रतिशत का कंप्लायंस स्कोर मिला और इसे नियमों का पालन नहीं करने वाली इकाई माना गया।

इसके बाद कंपनी का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। FSSAI ने निलंबन अवधि के दौरान कंपनी को सभी खाद्य कारोबार गतिविधियां बंद रखने का निर्देश दिया है।

ADVERTISEMENT