सेंसेक्स में 1,550 अंकों की गिरावट, निवेशकों को लगा 8 लाख करोड़ रुपये का झटका
क्या है खबर?
भारतीय शेयर बाजार में सोमवार (23 मार्च) को फिर से गिरावट का रुख देखने को मिला। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी 50 दोनों सूचकांकों में 2 फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गई है। सेंसेक्स 1,550 अंक से अधिक गिरकर 72,977 पर आ गया, जबकि निफ्टी 50 लगभग 500 अंक गिरकर 22,634 पर पहुंच गया। BSE 150 मिडकैप और BSE 250 स्मॉलकैप सूचकांकों में भी 2 फीसदी से अधिक की गिरावट आई है।
नुकसान
कंपनियों के पूंजीकरण में आई गिरावट
शेयर बाजार में आए इस भूचाल के कारण निवेशकों की संपत्ति में कुछ ही मिनटों में लगभग 8 लाख करोड़ रुपये की कमी आ गई। BSE में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण शुक्रवार के 429 लाख करोड़ रुपये से घटकर आज 421 लाख करोड़ रुपये रह गया है। शुक्रवार की अच्छी बढ़त के बाद सोमवार को घरेलू शेयर बाजार में भारी बिकवाली का दबाव देखने को मिल रहा है। इसका सीधा असर कंपनियों के पूंजीकरण पर पड़ रहा है।
कारण
इन कारणों से बाजार में आई गिरावट
शेयर बाजार में गिरावट की सबसे बड़ी वजह अमेरिका-ईरान युद्ध के लंबा चलने की संभावना के चलते निवेशकों में बैठा डर है। दूसरा बड़ा कच्चे तेल की कीमतों में हुए इजाफे की वजह से भारतीय रुपये का रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंचना है। इसके साथ ही अमेरिका-ईरान युद्ध के चलते तेल की बढ़ती कीमतों ने भी प्रभाव डाला है। इसके अलावा भारतीय बाजार में विदेशी निवेशकों की बिकवाली बढ़ने और अन्य विदेशी बाजारों में गिरावट का भी असर पड़ है।