SEBI डेट मार्केट में लाना चाहती है शेयर बाजार जैसे नियम
भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) इस बात की समीक्षा कर रहा है कि क्या लिस्टेड डेट सिक्योरिटीज के लिए भी वही खुलासे के नियम होने चाहिए, जो शेयरों के लिए होते हैं।
इसका मुख्य लक्ष्य कॉर्पोरेट डेट मार्केट में ज्यादा पारदर्शिता लाना और निवेशकों की सुरक्षा को बढ़ाना है, क्योंकि यह बाजार अभी शेयर बाजार जितना विकसित नहीं है।
अध्यक्ष तुहिन कांत पांडे ने बताया कि SEBI डेट मार्केट में पारदर्शिता और निवेशकों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए लिस्टेड डेट सिक्योरिटीज के लिए भी शेयरों जैसे ही खुलासे के नियमों पर विचार कर रही है।
कॉर्पोरेट बॉन्ड्स को डिजिटल टोकन में बदलने की योजना
भारत के कॉर्पोरेट डेट मार्केट को और मजबूत और आकर्षक बनाने की दिशा में यह एक बड़ा कदम है। SEBI एक पायलट प्रोजेक्ट पर भी विचार कर रही है, जिसमें कॉर्पोरेट बॉन्ड्स को डिजिटल टोकन में बदला जाएगा।
इसका मतलब है कि बॉन्ड्स को एक साझा डिजिटल बहीखाते (लेजर) पर टोकन के रूप में दर्ज किया जाएगा। इससे बॉन्ड की ट्रेडिंग तेज़, सस्ती और कहीं ज्यादा कुशल हो सकती है, जिससे लगभग तुरंत भुगतान संभव होगा। अगर, यह योजना सफल रहती है तो टोकनाइजेशन प्रोजेक्ट अगले 6 से 9 महीनों में शुरू किया जा सकता है।