Page Loader
SBI की ऐतिहासिक उपलब्धि, दुनिया की 100 सबसे ज्यादा कमाई वाली कंपनियों की सूची में शामिल
SBI की ऐतिहासिक उपलब्धि

SBI की ऐतिहासिक उपलब्धि, दुनिया की 100 सबसे ज्यादा कमाई वाली कंपनियों की सूची में शामिल

May 13, 2025
01:32 pm

क्या है खबर?

भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने कमाई के मामले में नया रिकॉर्ड बनाते हुए दुनिया की 100 सबसे ज्यादा मुनाफा कमाने वाली कंपनियों में जगह बना ली है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2025 में SBI ने 77,561 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया। यह उसे ऐपल, अल्फाबेट, एनवीडिया और जेपी मॉर्गन जैसी कंपनियों की कतार में लाकर खड़ा करता है। यह कमाई भारत के सबसे बड़े बैंक के लिए एक बड़ी वैश्विक मान्यता है।

दबदबा

अमेरिकी कंपनियों का दबदबा

ब्लूमबर्ग की लिस्ट में सबसे ऊपर अल्फाबेट है, जिसकी सालाना कमाई 111 अरब डॉलर (लगभग 9,400 अरब रुपये) रही। इसके बाद सऊदी अरामको 105 अरब डॉलर (लगभग 8,900 अरब रुपये के साथ दूसरे स्थान पर है। ऐपल, माइक्रोसॉफ्ट और मेटा जैसी कंपनियां भी शीर्ष 10 में हैं। SBI इस सूची में 98वें स्थान पर है, जो नेटफ्लिक्स और सिस्को सिस्टम्स से थोड़ा पीछे है। यह दर्शाता है कि कैसे भारतीय कंपनियां अब वैश्विक प्रतिस्पर्धा में मजबूती से उभर रही हैं।

मौजूदगी

भारत की बढ़ती मौजूदगी

यह पहली बार है जब SBI इस सूची में आया है, लेकिन भारत की मौजूदगी इससे पहले भी रही है। 2009 में ONGC ने वैश्विक स्तर पर 71वीं रैंक पाई थी। वहीं, रिलायंस इंडस्ट्रीज 2021 में इसी सूची में 98वें स्थान पर थी। अमेरिका की 43 कंपनियां इस सूची में हैं, जबकि चीन की 19 और जर्मनी की 5 कंपनियां हैं। इससे वैश्विक मुनाफे में भारत की भागीदारी धीरे-धीरे बढ़ती दिख रही है।

मुनाफा

तेजी से बढ़ता मुनाफा

पिछले 5 सालों में SBI का मुनाफा हर साल औसतन 31 प्रतिशत बढ़ा है। जेफरीज नाम की एक बड़ी ब्रोकरेज कंपनी ने SBI का शेयर 960 रुपये तक जा सकता है, ऐसा कहा है और इसे खरीदने की सलाह दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, बैंक की चौथी तिमाही की कमाई उम्मीद से ज्यादा रही, क्योंकि उसे विदेशी करेंसी से फायदा हुआ और लोन की वसूली भी अच्छी रही। पिछले 3 महीनों में SBI के शेयर 9.3 प्रतिशत बढ़े हैं।