SBI में चीफ AI ऑफिसर की भर्ती, सालाना 1.6 करोड़ रुपये तक मिलेगा पैकेज
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते इस्तेमाल को देखते हुए भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने तकनीक से जुड़े वरिष्ठ पदों पर भर्ती निकाली है। बैंक एक चीफ AI ऑफिसर नियुक्त करना चाहता है, जिसके लिए अधिकतम सालाना पैकेज 1.6 करोड़ रुपये तय किया गया है। इसके अलावा, 5 अन्य विशेषज्ञ पदों पर भी नियुक्तियां होंगी। बैंक की भर्ती अधिसूचना के अनुसार, कुल 6 पदों के लिए आवेदन मांगे गए हैं। सभी नियुक्तियां शुरुआत में 3 साल के अनुबंध पर होंगी।
पद
6 पदों पर होगी भर्ती, अलग-अलग जिम्मेदारियों के लिए नियुक्ति
SBI की भर्ती में एक जनरल मैनेजर और चीफ AI ऑफिसर, 3 डिप्टी जनरल मैनेजर और 2 आर्किटेक्ट के पद शामिल हैं।
आर्किटेक्ट के पदों में एक AI सॉल्यूशन आर्किटेक्ट और एक एंटरप्राइज AI आर्किटेक्ट शामिल है। डिप्टी जनरल मैनेजर की नियुक्तियां जोखिम और संचालन से जुड़े विश्लेषण, AI नियमों के पालन तथा डाटा इंजीनियरिंग और AI संचालन के लिए की जाएंगी।
इन सभी पदों पर अधिकतम सालाना पैकेज अलग-अलग निर्धारित किया गया है।
पैकेज
चीफ AI ऑफिसर को सबसे ज्यादा 1.6 करोड़ रुपये का पैकेज
बैंक ने चीफ AI ऑफिसर के लिए अधिकतम सालाना पैकेज 1.6 करोड़ रुपये रखा है।
इसमें 90 फीसदी यानी 1.44 करोड़ रुपये निश्चित वेतन और 10 फीसदी यानी 16 लाख रुपये प्रदर्शन के आधार पर मिलेंगे। डिप्टी जनरल मैनेजर को अधिकतम 1.2 करोड़ रुपये और दोनों आर्किटेक्ट पदों के लिए 90 लाख रुपये सालाना तक का पैकेज मिलेगा।
हालांकि, अंतिम वेतन उम्मीदवार के अनुभव, मौजूदा सैलरी और तैनाती की जगह के आधार पर तय होगा।
अनुभव
चीफ AI ऑफिसर बनने के लिए 15 साल का अनुभव जरूरी
इस पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार की उम्र 30 सितंबर, 2026 तक 40 से 55 साल के बीच होनी चाहिए।
उनके पास इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस, सांख्यिकी या संबंधित विषयों में निर्धारित डिग्री अथवा MCA की योग्यता जरूरी है। बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं, बीमा या आईटी क्षेत्र में कम से कम 15 साल का अनुभव भी होना चाहिए।
इसके अलावा, AI, एनालिटिक्स या तकनीकी प्रबंधन में कम से कम 3 साल का वरिष्ठ नेतृत्व अनुभव अनिवार्य है।
जिम्मेदारी
बैंक में AI तकनीक को आगे बढ़ाने की होगी जिम्मेदारी
चुने गए चीफ AI ऑफिसर को बैंक में AI और मशीन लर्निंग से जुड़े कामों की अगुवाई करनी होगी।
उन्हें जेनरेटिव AI और एजेंटिक AI पर आधारित व्यवस्था तैयार करने, अलग-अलग विभागों में तकनीक लागू करने और उसके प्रदर्शन की निगरानी की जिम्मेदारी मिलेगी।
अन्य पदों के लिए भी संबंधित क्षेत्र में 8 से 10 साल का अनुभव जरूरी है। सभी नियुक्तियां 3 साल के लिए होंगी, जिन्हें बैंक अपनी जरूरत के अनुसार 2 साल तक बढ़ा सकता है।