सैमसंग के सेमीकंडक्टर विभाग के हर कर्मचारी को 3-3 करोड़ रुपये बोनस क्यों दे रही कंपनी?
क्या है खबर?
टेक कंपनी सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स ने अपनी कर्मचारी यूनियनों के साथ एक नया समझौता किया है। इसके बाद 18 दिन तक चलने वाली हड़ताल फिलहाल टाल दी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, सरकार की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई थी। इस समझौते के तहत कंपनी अपने सेमीकंडक्टर विभाग के कर्मचारियों को मुनाफे से जुड़ा बोनस देने की तैयारी कर रही है। इससे कंपनी के करीब 78,000 कर्मचारियों को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
बोनस
कर्मचारियों को मिल सकता है भारी बोनस
नई योजना के अनुसार, कर्मचारियों को कंपनी के ऑपरेटिंग प्रॉफिट का हिस्सा बोनस के रूप में मिलेगा। इसमें 10.5 प्रतिशत हिस्सा स्टॉक के रूप में और 1.5 प्रतिशत नकद दिया जाएगा। रिपोर्ट में कहा गया है कि हर कर्मचारी को औसतन करीब 50.9 करोड़ वॉन (लगभग 3 करोड़ रुपये) तक बोनस मिल सकता है। यह अनुमान ऑपरेटिंग प्रॉफिट के आधार पर लगाया गया है और योजना लंबे समय तक कर्मचारियों को फायदा पहुंचाने के लिए बनाई गई है।
AI तकनीक
AI तकनीक से तेजी से बढ़ा कारोबार
सैमसंग के चिप कारोबार को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक की बढ़ती मांग का बड़ा फायदा मिला है। कंपनी के मेमोरी चिप्स का इस्तेमाल AI डाटा सेंटर, प्रोसेसर और आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस में हो रहा है। इसी वजह से कंपनी की पहली तिमाही का ऑपरेटिंग प्रॉफिट पिछले साल के मुकाबले करीब 750 प्रतिशत बढ़ गया। साथ ही, कंपनी का बाजार मूल्यांकन भी 1 लाख करोड़ डॉलर से ऊपर पहुंच गया है, जिसे सैमसंग के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
विरोध
कुछ निवेशकों ने समझौते का विरोध किया
इस समझौते के बाद कुछ निवेशक समूहों ने नाराजगी जताई है। कोरिया शेयरहोल्डर्स एक्शन हेडक्वार्टर्स नाम के समूह का कहना है कि ऐसे बोनस प्लान के लिए पहले शेयरधारकों की मंजूरी जरूरी होनी चाहिए। अगर समझौता नियमों के अनुसार लागू नहीं हुआ, तो समूह कानूनी कार्रवाई करेगा। लंबे समय तक हड़ताल होने की स्थिति में दक्षिण कोरिया की अर्थव्यवस्था पर असर पड़ सकता था, क्योंकि देश के कुल निर्यात में सेमीकंडक्टर कारोबार की हिस्सेदारी लगभग 35 प्रतिशत मानी जाती है।