AI समिट में सैम ऑल्टमैन और डारियो अमोदेई ने फोटो में हाथ पकड़ने से किया परहेज
क्या है खबर?
दिल्ली में आयोजित AI इम्पैक्ट समिट के मंच पर आज (19 फरवरी) एक अजीबोगरीब नजारा देखने को मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनियाभर से आए टेक कंपनियों के प्रमुखों के साथ मंच पर मौजूद थे। इसी दौरान OpenAI के सैम ऑल्टमैन और एंथ्रोपिक के डारियो अमोदेई भी एक साथ खड़े दिखाई दिए। जब सभी नेताओं को एकजुटता दिखाने के लिए हाथ मिलाने या पकड़ने के लिए कहा गया, तो दोनों कुछ असहज नजर आए और उन्होंने हाथ पकड़ने से हिचक दिखाई।
घटना
हाथ मिलाने की जगह उठीं मुट्ठियां
मंच पर मौजूद अन्य नेताओं के साथ एकता दिखाने की कोशिश के दौरान दोनों टेक लीडर्स ने हाथ पकड़ने के बजाय अपनी मुट्ठियां ऊपर उठा दीं। इस पल की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गए। कई लोगों ने इसे दोनों कंपनियों के बीच जारी प्रतिस्पर्धा का संकेत माना है। यह दृश्य उस समय सामने आया जब भारत खुद को AI क्षेत्र में एक अहम वैश्विक खिलाड़ी के रूप में पेश कर रहा है।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए वीडियो
This is so hilarious.
— Yuchen Jin (@Yuchenj_UW) February 19, 2026
Nothing can make Sam and Dario hold hands, not even the Prime Minister of India! pic.twitter.com/aRKsjSFXM9
मतभेद
दोनों के बीच है पुराना मतभेद
OpenAI और एंथ्रोपिक के बीच मतभेद कई साल पुराने हैं। अमोदेई पहले OpenAI में ही काम करते थे और एक वरिष्ठ पद पर थे, लेकिन बाद में उन्होंने कंपनी छोड़कर एंथ्रोपिक की स्थापना की। बताया जाता है कि उनका मतभेद AI के व्यावसायिक इस्तेमाल और सुरक्षा को लेकर शुरू हुआ था। एंथ्रोपिक ने सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही, जबकि OpenAI तेजी से विस्तार और बड़े स्तर पर पहुंच पर जोर देती रही है।
विचारधारा
प्रोडक्ट और विचारधारा की टक्कर
इन दोनों कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा सिर्फ विचारों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रोडक्ट स्तर पर भी साफ दिखती है। हाल ही में दोनों ने अपने नए कोडिंग टूल लगभग एक ही समय पर लॉन्च किए। एंथ्रोपिक ने क्लाउड ओपस का नया वर्जन पेश किया, तो OpenAI ने GPT आधारित कोडिंग टूल लॉन्च किया। ऑल्टमैन का कहना है कि उनका लक्ष्य सस्ता और व्यापक AI उपलब्ध कराना है, जबकि एंथ्रोपिक प्रीमियम मॉडल पर काम कर रही है।