डॉलर के मुकाबले 95.39 पर लुढ़का भारतीय रुपया, RBI की चुनौती बढ़ी
भारतीय रुपया मंगलवार (26 मई) को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले गिरकर 95.39 पर आ गया। इसके साथ ही लगातार 3 दिनों से जारी बढ़त का सिलसिला थम गया।
यह गिरावट मध्य-पूर्व में अमेरिका के नए हवाई हमलों के बाद देखने को मिली, जिसके चलते ईरान के साथ शांति समझौते की उम्मीदें भी खत्म हो गईं।
इसके अलावा, महीने के आखिर में हुए लेन-देन के दबाव ने भी रुपये को कमजोर किया है।
RBI ने किया हस्तक्षेप
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) रुपये की गिरावट को थामने के लिए डॉलर बेच रहा है, लेकिन इसके बावजूद यह एशिया की सबसे कमजोर मुद्राओं में से एक बना हुआ है, जो पिछले 2 सालों में करीब 15 फीसदी तक गिर चुका है।
जब बाजार में डॉलर मजबूत होता है तो निर्यातक उसे बेचने की कोशिश करते हैं, वहीं आयातक भुगतान करते समय डॉलर के भाव गिरने का इंतजार करते हैं।
हालांकि, इन तमाम कोशिशों और स्थानीय बाजार से मिले कुछ समर्थन के बावजूद कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और बढ़ता चालू खाता घाटा रुपये पर लगातार दबाव बनाए हुए है।