डॉलर के मुकाबले रुपया 7 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंचा, जानिए क्या रही वजह
क्या है खबर?
सोमवार (9 नवंबर) को शुरुआती सत्र में भारतीय रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 22 पैसे मजबूत 7 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। इंटरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में शुरुआती सत्र के दौरान रुपया, डॉलर के मुकाबले 93.70 पर कारोबार कर रहा था, जबकि पिछली बार 93.98 पर बंद हुआ था। आगे के संकेत पाने के लिए प्रतिभागी कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव, विदेशी संस्थागत निवेशकों के निवेश प्रवाह, डॉलर इंडेक्स और वैश्विक बाजारों की गतिविधियों पर नजर रखेंगे।
उछाल
एक फीसदी का आया उछाल
पिछले सप्ताह भारतीय इक्विटी में विदेशी निवेश में भारी बढ़ोतरी और तेल की कीमतों में गिरावट के चलते भारतीय मुद्रा में एक फीसदी से ज्यादा का उछाल आया।
पिछले सप्ताह विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार में 4 अरब डॉलर (करीब 380 अरब रुपये) से ज्यादा का निवेश किया।
पिछले कुछ महीनों में रुपये पर दबाव डालने वाले मुख्य कारकों में पूंजी का प्रवाह और तेल की कीमतें शामिल रही हैं, जो अब भारतीय मुद्रा को सहारा दे रही हैं।
दबाव
अमेरिकी चुनावों के नतीजों से टेक शेयरों पर दबाव
पिछले सप्ताह ब्रेंट क्रूड की कीमतों में लगभग 20 फीसदी की भारी गिरावट ने विदेशी निवेशकों को भारतीय संपत्तियों की ओर आकर्षित करने के लिए एक और वजह दे दी है।
इसके अलावा, अमेरिका के मध्यावधि चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी की जीत के बाद टेक्नोलॉजी शेयरों में भारी बिकवाली देखने को मिली।
दक्षिण कोरिया और ताइवान बाजारों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जुड़े शेयरों में गिरावट आई, जिसके चलते वहां से विदेशी पूंजी की निकासी हुई। इसका फायदा भारत को मिला।