LOADING...
जियो फोन पर बातचीत के दौरान AI कॉल एजेंट की मिलेगी सुविधा, 'हे जियो' से चलेगा
आकाश अंबानी ने रिलायंस इंडस्ट्रीज की 49वीं वार्षिक आम बैठक में बताया कि कंपनी 'जियो कॉल एजेंट' शुरू करेगा

जियो फोन पर बातचीत के दौरान AI कॉल एजेंट की मिलेगी सुविधा, 'हे जियो' से चलेगा

लेखन गजेंद्र
Jun 19, 2026
04:44 pm

क्या है खबर?

रिलायंस जियो कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के क्षेत्र में बड़ा कदम उठाने जा रही है। जियो के चैयरमैन आकाश अंबानी ने शुक्रवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज की 49वीं वार्षिक आम बैठक में बताया कि कंपनी 'जियो कॉल एजेंट' की शुरूआत करेगा, जो जियो नेटवर्क में एकीकृत एक AI-संचालित वॉयस असिस्टेंट है। उन्होंने बताया कि यह सेवा बिना ऐप डाउनलोड किए या अलग नंबर लिए काम करेगी और सभी भारतीय भाषाओं का समर्थन करेगी। बातचीत के दौरान यह 'हे जियो' से सक्रिय होगा।

कॉल एजेंट

ये काम कर सकेगा AI कॉल एजेंट

जियो फोन में कॉल एजेंट को फोन कॉल के दौरान केवल 'हे जियो' कहकर सक्रिय कर सकते हैं। AI एजेंट कॉल को ट्रांसक्राइब कर सकता है, कॉन्फ्रेंस कॉल में 10 वक्ताओं की पहचान कर सकता है, सारांश, रिमाइंडर और एक्शन आइटम तैयार कर सकता है। लाइव कॉल के दौरान यह कैब बुक करना, खाना ऑर्डर करना, रेस्टोरेंट में टेबल रिजर्व करना और मीटिंग शेड्यूल कर सकता है। इसे जियो के 50 करोड़ से अधिक ग्राहकों के लिए शुरू किया जाएगा।

योजना

मायजियो ऐप में भी बदलाव

आकाश ने बैठक में कहा, "हम जो बना रहे हैं वह भारत के लिए, भारत द्वारा निर्मित AI है और एक दिन यह पूरी दुनिया की सेवा करेगा।" आकाश ने कॉल एजेंट के अलावा, जियो ने मायजियो ऐप में भी बड़े बदलाव की घोषणा की है। मायजियो ऐप का उपयोग मोबाइल प्लान रिचार्ज करने, खाता राशि की जांच करने और सेवाओं का प्रबंधन करने के लिए किया जाता है, अब इसे व्यक्तिगत AI सलाहकार बनाया जाएगा।

Advertisement

बदलाव

अंतरराष्ट्रीय यात्रा के दौरान भी मदद

मायजियो ऐप में नए AI संचालित अनुभव के साथ, उपयोगकर्ताओं को अब मेनू और सेटिंग्स में जाने की आवश्यकता नहीं होगी। इसके बजाय, वे अपनी जरूरत को बता सकेंगे। ऐप में मौजूद AI असिस्टेंट नए शहर में जाने वाले या विदेश यात्रा करने वाले उपयोगकर्ताओं की सेवा संबंधी ज़रूरतों को प्रबंधित करने में मदद करेगा। यह उपयुक्त अंतरराष्ट्रीय रोमिंग पैक और उपयोग संबंधी अलर्ट का सुझाव दे सकता है। नए eSIM-सक्षम स्मार्टफोन पर स्विच करने में मदद कर सकता है।

Advertisement