RBI की अहम बैठक के बाद क्या बढ़ेगी रेपो रेट? महंगाई के आंकड़ों पर करेगा निर्भर
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) 3 से 5 जून तक अपनी अहम पॉलिसी बैठक करने जा रहा है। इसके बाद गवर्नर संजय मल्होत्रा 5 जून को अहम फैसलों का ऐलान करेंगे।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि अभी 5.25 फीसदी पर चल रही रेपो रेट वैसी ही रहेगी या फिर 3 साल में पहली बार इसमें बढ़ोतरी होगी? बढ़ती महंगाई को देखते हुए हर कोई यही कयास लगा रहा है और इस पर अलग-अलग राय सामने आ रही हैं।
अप्रैल में महंगाई बढ़कर 3.5 फीसदी हुई
देश में महंगाई का असर साफ दिख रहा है। फरवरी में यह 3.2 फीसदी थी, जो अप्रैल में बढ़कर 3.5 फीसदी हो गई। इसकी मुख्य वजह कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और मानसून को लेकर बनी अनिश्चितता है।
ज्यादातर विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं होगा, लेकिन कुछ लोग बढ़ोतरी की संभावना जता रहे हैं, वहीं एसोसिएटेड चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ऑफ इंडिया (ASSOCHAM) जैसी संस्थाओं का कहना है कि रेपो रेट को स्थिर रखा जाए और RBI छोटे उद्योगों, व्यापारियों को कुछ राहत दे।
अगला कदम महंगाई पर निर्भर करेगा
RBI पिछले कुछ समय से महंगाई को काबू में करने की कोशिश कर रहा है। बीते समय में रेपो रेट में कुल 125 बेसिस पॉइंट्स की कटौती की गई थी, लेकिन पिछली 2 समीक्षा बैठकों में इसे स्थिर रखा गया। अब विश्लेषकों का मानना है कि अगला कदम पूरी तरह से महंगाई के आने वाले आंकड़ों पर ही निर्भर करेगा।