रेजरपे ने IPO के लिए किया आवेदन, जुटा सकती है 5,700 करोड़ रुपये
क्या है खबर?
बेंगलुरु स्थित फिनटेक कंपनी रेजरपे ने IPO के लिए गोपनीय तरीके से ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल कर दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी इस इश्यू के जरिए 50-60 करोड़ डॉलर (लगभग 4,700-5,700 करोड़ रुपये) तक जुटा सकती है। इससे पहले रेजरपे के 5 से 6 अरब डॉलर (लगभग 500 से 600 अरब रुपये) के मूल्यांकन पर पूंजी जुटाने की चर्चा थी। IPO प्रक्रिया के लिए कई बड़े निवेश बैंकों को भी जोड़ा गया है।
सेवाएं
80 लाख से ज्यादा कारोबारियों को देती है सेवाएं
रेजरपे की स्थापना 2014 में हर्षिल माथुर और शशांक कुमार ने की थी। कंपनी ऑनलाइन भुगतान, बिजनेस बैंकिंग, भुगतान वितरण और कर्ज जैसी वित्तीय सेवाएं देती है। कंपनी का दावा है कि उसके प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल 80 लाख से ज्यादा कारोबार कर रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या छोटे कारोबारों, स्टार्टअप और डिजिटल ब्रांड की है। रेजरपे को कई वैश्विक निवेशकों का समर्थन मिला है और उसने अब तक 80 करोड़ डॉलर (लगभग 7,600 करोड़ रुपये) से ज्यादा फंड जुटाया है।
राजस्व
राजस्व में मजबूत बढ़त
वित्त वर्ष 2024-25 में कंपनी का परिचालन राजस्व 65 प्रतिशत बढ़कर 3,783 करोड़ रुपये पहुंच गया। हालांकि, ESOP खर्च और भारत में मुख्यालय स्थानांतरित करने से जुड़े अतिरिक्त खर्चों के कारण कंपनी घाटे में रही। कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि यह एक बार होने वाला खर्च था। रेजरपे को उम्मीद है कि उसका भारत का कारोबार अगले वित्त वर्ष में लाभ में आ जाएगा। अंतरराष्ट्रीय कारोबार के भी जल्द मुनाफे में पहुंचने की संभावना जताई गई है।
विस्तार
AI और विदेशी बाजारों में विस्तार पर जोर
रेजरपे आने वाले समय में AI आधारित उत्पादों, वित्तीय ढांचे और नए कारोबार क्षेत्रों में निवेश बढ़ा रही है। कंपनी मलेशिया और सिंगापुर जैसे दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों में विस्तार की योजना पर काम कर रही है। इसके अलावा, भारत और अमेरिका के बीच भुगतान सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए अलग टीम भी बनाई गई है। कंपनी का मानना है कि नई तकनीक और विदेशी विस्तार उसके कारोबार को आगे बढ़ाने में मदद करेंगे।
तैयारी
टेक कंपनियों में IPO की तैयारी तेज
रेजरपे का यह कदम ऐसे समय आया है जब कई नई तकनीकी कंपनियां शेयर बाजार में उतरने की तैयारी कर रही हैं। हाल ही में क्विक कॉमर्स कंपनी जेप्टो ने भी अपना अपडेटेड DRHP दाखिल किया था। वहीं फिनटेक कंपनी फोनपे ने बाजार में उतार-चढ़ाव के कारण अपना IPO फिलहाल टाल दिया है। इससे साफ है कि भारतीय स्टार्टअप और टेक कंपनियों के बीच IPO को लेकर गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं।