LOADING...
पेटीएम पेमेंट्स बैंक का परिचालन बंद करने की प्रक्रिया शुरू, बोर्ड ने दी मंजूरी
पेटीएम पेमेंट्स बैंक को बंद करने की तैयारी की जा रही है

पेटीएम पेमेंट्स बैंक का परिचालन बंद करने की प्रक्रिया शुरू, बोर्ड ने दी मंजूरी

Apr 26, 2026
05:07 pm

क्या है खबर?

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा पेटीएम पेमेंट्स बैंक (PPBL) का बैंकिंग लाइसेंस रद्द किए जाने के बाद कंपनी ने अपने परिचालन को बंद करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 25 अप्रैल को हुई एक बैठक में बोर्ड और शेयरधारकों ने इस कदम को मंजूरी दे दी। पेटीएम ने कहा कि परिसमापन नियामक निर्देशों के अनुसार और केंद्रीय बैंक की मंजूरी के अधीन किया जाएगा। स्वैच्छिक परिसमापन के प्रस्ताव RBI के 24 अप्रैल के फैसले के बाद पारित किए गए।

असर 

PPBL पर क्या पड़ेगा असर?

पेटीएम ने कहा कि समापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद PPBL अब वन 97 कम्युनिकेशंस (OCL) की सहयोगी कंपनी नहीं रहेगी। कंपनी ने यह भी दोहराया कि इस घटनाक्रम से उसके व्यवसाय, संचालन या वित्तीय स्थिति पर कोई महत्वपूर्ण प्रभाव नहीं पड़ेगा। उसने स्पष्ट किया कि PPBL के साथ उसका कोई संबंध या व्यावसायिक जुड़ाव नहीं है और पेटीएम की सभी सेवाएं निर्बाध रूप से चलती रहेंगी। इसका मतलब है कि पेटीएम ऐप पहले की तरह काम करती रहेगी।

कार्रवाई 

इस कारण रद्द किया गया था लाइसेंस

RBI ने गंभीर नियामक खामियों और बैंक के प्रबंधन को लेकर चिंताओं का हवाला देते हुए बैंकिंग विनियमन अधिनियम, 1949 की धारा 22(4) के तहत PPBL का लाइसेंस रद्द कर दिया था। केंद्रीय बैंक ने कहा कि संस्था का कामकाज जमाकर्ताओं और उसकी समग्र स्थिरता के लिए हानिकारक था और उसके प्रबंधन का सामान्य स्वरूप जनहित के अनुरूप नहीं था। लाइसेंस रद्द होने के बाद, PPBL को अब बैंकिंग या संबंधित व्यावसायिक गतिविधियां करने की अनुमति नहीं है।

Advertisement