EPFO 3.0 में PF ट्रांसफर अटक सकता है, नौकरी बदलते समय न करें ये गलतियां
क्या है खबर?
नौकरी बदलने के बाद कर्मचारियों को अपना भविष्य निधि (PF) नई कंपनी में ट्रांसफर करना होता है। EPFO 3.0 का उद्देश्य इस प्रक्रिया को तेज और आसान बनाना है। नए सिस्टम में कागजी कार्रवाई कम होगी और अधिकतर प्रक्रिया अपने आप पूरी हो सकेगी। हालांकि, गलत जानकारी, अधूरा KYC या रिकॉर्ड में गड़बड़ी होने पर PF ट्रांसफर अब भी अटक सकता है। इसलिए नौकरी बदलने से पहले जरूरी जानकारी जरूर जांच लें।
#1
गलत जानकारी और नया UAN बनवाने की भूल न करें
PF ट्रांसफर में सबसे ज्यादा देरी नाम, जन्मतिथि या दूसरी व्यक्तिगत जानकारी के रिकॉर्ड मेल नहीं खाने से होती है। UAN, आधार और पैन में सभी विवरण एक जैसे होने चाहिए, इसमें गलती से प्रक्रिया में देर हो सकती है। इसके अलावा, नई नौकरी जॉइन करते समय नया UAN बनवाने की गलती बिल्कुल न करें। हमेशा अपना पुराना UAN ही नई कंपनी को दें, ताकि ट्रांसफर प्रक्रिया बिना किसी रुकावट के पूरी हो सके।
#2
KYC पूरा रखें और ट्रांसफर में देरी न करें
नई नौकरी मिलने के बाद PF ट्रांसफर को टालना सही नहीं माना जाता है। नौकरी बदलते ही प्रक्रिया शुरू कर देना बेहतर रहता है। साथ ही आधार, पैन और बैंक खाते का KYC पहले से UAN के साथ लिंक और सत्यापित होना चाहिए। अगर KYC अधूरा होगा तो ट्रांसफर रुक सकता है। समय रहते सभी दस्तावेज अपडेट करने से बाद में होने वाली अनावश्यक परेशानी और देरी से बचा जा सकता है।
#3
पुरानी कंपनी का रिकॉर्ड भी जरूर जांचें
PF ट्रांसफर में पुरानी कंपनी की भूमिका भी महत्वपूर्ण होती है। अगर नियोक्ता ने कर्मचारी की नौकरी छोड़ने की तारीख या दूसरी जानकारी सही तरीके से अपडेट नहीं की है, तो प्रक्रिया अटक सकती है। सभी रिकॉर्ड सही होने के बाद भी सिस्टम अपग्रेड या अधिक आवेदन आने से कुछ देरी हो सकती है। ऐसे में EPFO पोर्टल पर ट्रांसफर का स्टेटस नियमित रूप से जांचते रहें और जरूरत पड़ने पर तुरंत जवाब दें।