हिमाचल प्रदेश में 60 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल, जानिए क्या है वजह
क्या है खबर?
हिमाचल प्रदेश में बुधवार (12 अगस्त) से बिकने वाला प्रति लीटर पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल 60 पैसे महंगा हो गया। इसकी वजह विधवा और अनाथ सेस नाम का नया उपकर है। इसके बाद शिमला में पेट्रोल की कीमत बढ़कर 103.25 रुपये प्रति लीटर और डीजल की 95.21 रुपये हो गई है। इसको लेकर इस सप्ताह वैल्यू एडेड टैक्स (VAT) कानून के एक सेक्शन के तहत राज्य के टैक्स और आबकारी विभाग की तरफ से एक नोटिफिकेशन जारी किया गया है।
कानून
इस कानून के तहत बढ़ाई कीमत
राज्य सरकार के नोटिफिकेशन के अनुसार, यह सेस तेल कंपनियों द्वारा डीलर्स को बेचे जाने वाले ईंधन की पहली बिक्री पर ही लागू हो जाएगा।
यह सेस 'हिमाचल प्रदेश वैल्यू एडेड टैक्स एक्ट, 2005' की धारा 6-A के तहत लागू किया गया है। इसे मंत्रिपरिषद की मंजूरी मिली हुई है।
फिलहाल यह सेस 60 पैसे प्रति लीटर है, लेकिन कानून के मुताबिक सरकार के पास इसे 5 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ाने का अधिकार है।
बिल
विधवा-अनाथों के कल्याण के लिए लाया गया बिल
मार्च में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधानसभा में एक बिल पेश किया। इसमें एक नए सेस का प्रस्ताव था, जो पूरी तरह से विधवाओं और अनाथों के लिए समर्पित है। बिल को ध्वनि मत से पारित किया गया।
राज्य सरकार ऐसे लोगों के लिए कल्याणकारी योजनाएं चलाती है और इनके लिए पैसे की जरूरत होती है। सरकारी बजट हर साल बदलते रहते हैं।
इसलिए सरकार चाहती है कि एक स्थायी फंड तैयार किया जाए, जिसमें पैसा आता रहे।