देशभर में महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल, तेल कंपनियों ने बढ़ाए 3 रुपये प्रति लीटर तक दाम
क्या है खबर?
देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में शुक्रवार (15 मई) से बढ़ोतरी कर दी गई है। तेल कंपनियों ने दिल्ली समेत कई बड़े शहरों में ईंधन के दाम करीब 3 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ा दिए हैं। दिल्ली में पेट्रोल अब 97.77 रुपये और डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गया है। बढ़ती वैश्विक तेल कीमतों और पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच यह फैसला लिया गया है, जिससे आम लोगों पर महंगाई का असर बढ़ सकता है।
कीमत
बड़े शहरों में तेजी से बढ़े दाम
नई दरों के बाद कई शहरों में पेट्रोल 100 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गया है। कोलकाता में पेट्रोल 108.74 रुपये और डीजल 95.13 रुपये प्रति लीटर हो गया है। मुंबई में पेट्रोल 106.68 रुपये और डीजल 93.14 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं चेन्नई में पेट्रोल की कीमत 103.67 रुपये और डीजल 95.25 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है। अलग-अलग शहरों में टैक्स और ट्रांसपोर्ट लागत के कारण कीमतों में अंतर देखने को मिल रहा है।
बयान
सरकार ने कहा- फ्यूल की कमी नहीं
केंद्र सरकार ने साफ कहा है कि देश में पेट्रोल-डीजल और गैस की कोई कमी नहीं है। ऑयल सेक्रेटरी नीरज मित्तल ने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है और किसी तरह की राशनिंग लागू करने की योजना नहीं है। अधिकारियों के मुताबिक, भारत के पास करीब 60 दिनों का ईंधन स्टॉक और लगभग 45 दिनों की LPG इन्वेंट्री मौजूद है। सरकार का कहना है कि पश्चिम एशिया में तनाव के बावजूद सप्लाई व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।
दबाव
तेल कंपनियों पर बढ़ा आर्थिक दबाव
भारत अपनी जरूरत का लगभग 90 प्रतिशत कच्चा तेल विदेशों से खरीदता है, इसलिए वैश्विक बाजार में बढ़ती कीमतों का सीधा असर देश पर पड़ता है। लंबे समय तक कीमतें नहीं बढ़ाने की वजह से सरकारी तेल कंपनियों को हर दिन करीब 1000 से 1200 करोड़ रुपये तक का नुकसान हो रहा था। रिपोर्ट के मुताबिक, 2026 की पहली तिमाही में यह कुल अंडर-रिकवरी लगभग 2 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है, जिससे कंपनियों पर दबाव बढ़ गया है।