LOADING...
तापमान बढ़ने के कारण 25 अप्रैल को बिजली की अधिकतम मांग रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची
तापमान में बढ़ोतरी के कारण बिजली की मांग में भी वृद्धि हो रही है

तापमान बढ़ने के कारण 25 अप्रैल को बिजली की अधिकतम मांग रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची

Apr 26, 2026
03:58 pm

क्या है खबर?

देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी के चलते शनिवार को बिजली की मांग अब तक के सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर पहुंच गई। विद्युत मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार दोपहर 3:38 बजे बिजली की अधिकतम मांग 256.11 गीगावाट पर पहुंच गई। इसके लिए एयर कंडीशनर और डेजर्ट कूलर जैसे उपकरणों का बढ़ता उपयोग जिम्मेदार है। इससे पहले मई, 2024 में भी बिजली की मांग ने रिकॉर्ड बनाया था, जब इसका आंकड़ा 250GW पर पहुंच गया था।

वृद्धि 

इस तरह से बढ़ी मांग 

विशेषज्ञों का कहना है कि तापमान में वृद्धि शुरू होने के साथ ही गर्मी के मौसम के लिए विद्युत मंत्रालय के 270GW के अनुमान की ओर बिजली की अधिकतम मांग बढ़ रही है। अप्रैल में तापमान बढ़ने के साथ ही बिजली मांग में वृद्धि हुई है। 22 अप्रैल को बिजली की उच्चतम आपूर्ति 239.70GW थी, जो 23 अप्रैल को बढ़कर 240.12GW हो गई। इस महीने के पहले पखवाड़े में बिजली की अधिकतम मांग 235.32GW से कम रही।

कारण 

बढ़ता तापमान है मांग में वृद्धि की वजह 

भारत मौसम विभाग के अनुसार, कई क्षेत्रों में तापमान सामान्य से 5 डिग्री या उससे अधिक रहा है, जो कुछ हिस्सों में लू चलने का संकेत देता है। शनिवार को दिल्ली में इस साल का अब तक का सबसे अधिक तापमान 42.8 डिग्री दर्ज किया गया। विशेषज्ञों का मानना ​​है कि भीषण गर्मी के कारण बिजली की खपत और मांग में और वृद्धि हो सकती है। साथ ही तापमान से निपटने के लिए AC, कूलर का उपयोग बढ़ सकता है।

Advertisement