पेटीएम को डिजिटल वॉलेट कारोबार के लिए RBI से मिली शुरुआती मंजूरी
क्या है खबर?
पेटीएम के पेमेंट कारोबार को आगे बढ़ाने की दिशा में भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से राहत मिली है। कंपनी की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक इकाई पेटीएम पेमेंट्स सर्विसेज लिमिटेड को डिजिटल वॉलेट समेत प्रीपेड पेमेंट सेवाएं शुरू करने के लिए शुरुआती मंजूरी दी गई है। वन97 कम्युनिकेशंस ने 13 नवंबर को शेयर बाजार को इसकी जानकारी दी। यह मंजूरी कंपनी को भारत में अपना वॉलेट कारोबार दोबारा आगे बढ़ाने का रास्ता दे सकती है।
भुगतान
पहले पैसे जमा करके कर सकेंगे भुगतान
प्रीपेड पेमेंट इंस्ट्रूमेंट ऐसी सुविधा है, जिसमें ग्राहक पहले से पैसे जमा करते हैं और बाद में उन पैसों से सामान या सेवाओं का भुगतान करते हैं।
डिजिटल वॉलेट इसका एक आम उदाहरण है। RBI की शुरुआती मंजूरी मिलने से पेटीएम के लिए इस कारोबार में आगे बढ़ने का रास्ता खुला है।
इससे कंपनी को डिजिटल भुगतान बाजार में अपनी मौजूदगी मजबूत करने में मदद मिल सकती है, लेकिन फिलहाल ग्राहक इस सुविधा का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे।
अंतिम मंजूरी
अंतिम मंजूरी मिलने के बाद ही शुरू होगी सेवा
पेटीएम ने साफ किया है कि शुरुआती मंजूरी मिलने का मतलब यह नहीं है कि वह तुरंत डिजिटल वॉलेट सेवा शुरू कर सकती है।
कंपनी की सहायक इकाई को ग्राहकों के लिए वॉलेट और दूसरी प्रीपेड भुगतान सुविधाएं शुरू करने से पहले RBI से अंतिम मंजूरी लेनी होगी। इसके लिए उसे केंद्रीय बैंक की तय शर्तों और नियमों का पालन करना होगा।
अंतिम अनुमति मिलने के बाद ही कंपनी इन सेवाओं को ग्राहकों के लिए उपलब्ध करा सकेगी।
वॉलेट लाइसेंस
वॉलेट लाइसेंस के लिए पहले किया था आवेदन
पेटीएम ने बताया कि उसकी सहायक कंपनी ने वॉलेट सेवा से जुड़े लाइसेंस के लिए आवेदन किया था।
कंपनी ने वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही के नतीजे जारी करते समय निवेशकों को इस आवेदन की जानकारी भी दी थी। अब RBI ने भुगतान एवं निपटान प्रणाली अधिनियम, 2007 के तहत शुरुआती अनुमति दी है।
हालांकि, पेटीएम को अभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी और अंतिम प्रमाणपत्र मिलने तक इंतजार करना होगा।