पेटीएम ने किशोरों के लिए लॉन्च की पॉकेट मनी, बिना खाते के कर सकेंगे भुगतान
क्या है खबर?
डिजिटल पेमेंट कंपनी पेटीएम ने सोमवार (18 मई) को पेटीएम पॉकेट मनी लॉन्च किया, जिससे बैंक खाता न रखने वाले किशोर भी यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) पेमेंट कर सकेंगे। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज दी गई जानकारी में प्लेटफॉर्म ने बताया कि इस नए फीचर के साथ किशोर बिना नकदी या माता-पिता की मदद के स्वतंत्र रूप से UPI पेमेंट कर सकते हैं। साथ ही यह उनके खर्चों की निगरानी करने की सुविधा भी देता है।
नियंत्रण
माता-पिता रख सकेंगे खर्चों पर नियंत्रण
पॉकेट मनी माता-पिता या परिवार के किसी भी भरोसेमंद सदस्य को मासिक खर्च की सीमा निर्धारित करने और किशोरों के UPI खर्चों पर वास्तविक समय में नजर रखने की सुविधा भी देता है। पेटीएम खर्च सारांश के साथ परिवार खर्च करने के तरीकों की समीक्षा और भत्तों का बेहतर प्रबंधन कर सकते हैं। इसका उद्देश्य किशोरों और छात्रों को स्कूल और कॉलेज की कैंटीन, मेट्रो, कैब, मोबाइल रिचार्ज, खरीदारी आदि के लिए रोजमर्रा के भुगतान में मदद करना है।
उपयोग
UPI सर्कल के जरिए कर सकेंगे इस्तेमाल
माता-पिता और परिवार के सदस्य UPI सर्कल फीचर का उपयोग करके अपने बच्चाें को आमंत्रित कर सकते हैं। यह फीचर बैंक खाते से जुड़े यूजर को किसी विश्वसनीय व्यक्ति को UPI लेन-देन के लिए उसी खाते का द्वितीयक यूजर बनने की सुविधा देता है। एक बार एक्टिवेट हो जाने के बाद किशोर अपने फोन पर पेटीएम ऐप का उपयोग करके भुगतान कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें माता-पिता से अनुमति लेने की जरूरत नहीं होगी।
लिमिट
कितनी होगी भुगतान की लिमिट?
यह सेवा बचत और चालू खातों पर उपलब्ध है, लेकिन इसमें अंतरराष्ट्रीय भुगतान और नकद निकासी पर प्रतिबंध हैं। अभिभावक अपने किशोर बच्चों के लिए पॉकेट मनी की सीमा निर्धारित कर सकते हैं। इसमें एक बार में अधिकतम 5,000 रुपये और UPI नेटवर्क पर मासिक 15,000 रुपये का भुगतान किया जा सकता है। सीमा निर्धारित करने के बाद पहले 30 मिनट तक भुगतान 500 रुपये और पहले 24 घंटों के भीतर 5,000 रुपये तक सीमित है।
तरीका
इस तरह कर सकते हैं सुविधा का इस्तेमाल
इस सुविधा को शुरू करने के लिए पेटीएम ऐप खोलकर मोबाइल/कॉन्टैक्ट पर टैप कर 'पॉकेट मनी' विकल्प चुनें और उस व्यक्ति का नंबर दर्ज करें, जिसके खाते से इसका संचालन करना चाहते हैं। उनका UPI QR कोड स्कैन करें या UPI ID दर्ज कर सत्यापन पूरा करें। उपलब्ध विकल्पों में से मासिक खर्च सीमा निर्धारित करें। अपना प्राथमिक बैंक अकाउंट चुनें और UPI PIN दर्ज करें। चुने गए यूजर को पॉकेट मनी एक्टिव करने के लिए आमंत्रण स्वीकार करना होगा।