पेटीएम में आया बायोमेट्रिक फीचर, चेहरा दिखाकर या फिंगरप्रिंट से कर सकेंगे भुगतान
क्या है खबर?
ऑनलाइन पेमेंट प्लेटफॉर्म पेटीएम ने UPI ट्रांजैक्शन और कार्डलेस ATM विड्रॉल के लिए नया बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन फीचर लॉन्च किया है। अब यूजर्स अपने फिंगरप्रिंट या फेस ID से पेमेंट को सुरक्षित तरीके से पूरा कर सकेंगे। यह कदम ऐसे समय में आया है जब डिजिटल पेमेंट को ज्यादा सुरक्षित बनाने पर जोर दिया जा रहा है। इससे ट्रांजैक्शन आसान होने के साथ-साथ धोखाधड़ी के मामलों को कम करने में भी मदद मिलेगी।
सुरक्षा
सुरक्षा और प्राइवेसी पर खास ध्यान
इस नए फीचर में यूजर की सुरक्षा और प्राइवेसी का खास ध्यान रखा गया है। बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन पूरी तरह यूजर के मोबाइल डिवाइस पर ही होता है, जिससे डाटा कहीं स्टोर नहीं किया जाता। नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरशन ऑफ इंडिया (NPCI) के नियमों के अनुसार, बायोमेट्रिक UPI ट्रांजैक्शन की लिमिट 5,000 रुपये तय की गई है। यह सिस्टम डिजिटल पेमेंट को ज्यादा सुरक्षित और भरोसेमंद बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
सुविधा
अब बिना कार्ड के ATM से निकालें पैसे
इस फीचर के जरिए यूजर्स अब बिना ATM कार्ड के भी आसानी से पैसे निकाल सकते हैं। इसके लिए ATM स्क्रीन पर QR कोड स्कैन करना होगा और फिर फेस ID, फिंगरप्रिंट या UPI PIN से ऑथेंटिकेशन करना होगा। यह सुविधा एंड्रॉयड और iOS दोनों डिवाइस पर उपलब्ध है। यूजर्स कई बैंक अकाउंट लिंक कर सकते हैं, जिससे कैश निकालना और पेमेंट करना पहले से ज्यादा आसान और तेज हो गया है।