ओरेकल फिर करेगी कर्मचारियों की छंटनी, सितंबर से पहले शुरू हो सकती है कटौती
क्या है खबर?
टेक कंपनी ओरेकल एक बार फिर कर्मचारियों की छंटनी करने जा रही है। बिजनेस इंसाइडर की रिपोर्ट के मुताबिक यह छंटनी कंपनी की दूसरी तिमाही से पहले 1 सितंबर से शुरू हो सकती है। रिपोर्ट के अनुसार, मैनेजरों से संभावित रूप से प्रभावित कर्मचारियों की पहचान करने को कहा गया है। कुछ टीमों में कर्मचारियों की संख्या में दो अंकों के प्रतिशत तक कमी हो सकती है। हालांकि, ओरेकल ने अभी इस संभावित छंटनी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
वजह
ओरेकल क्यों कर रही छंटनी?
ओरेकल की संभावित छंटनी ऐसे समय में हो रही है, जब कंपनी AI और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर पर लगातार बड़ा खर्च कर रही है।
वित्तीय वर्ष 2026 में कंपनी ने AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर 55.7 अरब डॉलर (लगभग 5,300 अरब रुपये) खर्च किए। इस निवेश को संभालने के लिए कंपनी ने कथित तौर पर 43 अरब डॉलर (लगभग 4,100 अरब रुपये) उधार लिए हैं।
इसके अलावा, मौजूदा वित्तीय वर्ष में कर्ज और शेयरों के जरिए 40 अरब डॉलर जुटाने की योजना है।
छंटनी
एक साल में 21,000 कर्मचारी घटे
ओरेकल पहले ही कर्मचारियों की संख्या में बड़ी कटौती कर चुकी है।
रिपोर्ट के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2026 के दौरान कंपनी के कर्मचारियों की संख्या करीब 21,000 घट गई, जो उसके कुल कर्मचारियों का लगभग 13 प्रतिशत है। इसके बाद कंपनी में 1.41 लाख कर्मचारी रह गए।
हालांकि, नई संभावित छंटनी में कितने कर्मचारी प्रभावित होंगे, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। कुछ टीमों में कटौती का स्तर दो अंकों के प्रतिशत तक पहुंचने की बात कही गई है।
खर्च
रीस्ट्रक्चरिंग खर्च भी बढ़कर 1.84 अरब डॉलर हुआ
ओरेकल की रीस्ट्रक्चरिंग लागत में भी काफी बढ़ोतरी हुई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2026 में छंटनी और दूसरी रीस्ट्रक्चरिंग से जुड़ी लागत 1.84 अरब डॉलर रही, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष में यह 37.4 करोड़ डॉलर थी। कंपनी की क्लाउड सेवाओं में AI से जुड़े काम की मांग बढ़ रही है, लेकिन भारी इंफ्रास्ट्रक्चर खर्च चिंता बढ़ा रहा है।
नई छंटनी की अंतिम संख्या और प्रभावित टीमों को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।