LOADING...
OpenAI बेंगलुरु और मुंबई में इस साल खोलेगी अपने नए ऑफिस
OpenAI भारत में खोलेगी नए ऑफिस

OpenAI बेंगलुरु और मुंबई में इस साल खोलेगी अपने नए ऑफिस

Feb 19, 2026
02:19 pm

क्या है खबर?

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी OpenAI इस साल भारत में दो नए ऑफिस खोलने जा रही है। कंपनी ने बताया है कि वह भारत में अपने दो नए ऑफिस बेंगलुरु और मुंबई में इस साल के अंत तक खोलेगी। इससे पहले नई दिल्ली में उसका पहला इंडिया ऑफिस अगस्त, 2025 में शुरू किया गया था। यह कदम भारत में तेजी से बढ़ते AI बाजार और बढ़ती मांग को देखते हुए उठाया गया है, जहां ChatGPT का उपयोग लगातार बढ़ रहा है।

पहल

'OpenAI फॉर इंडिया' पहल का हिस्सा

कंपनी ने कहा कि यह विस्तार "OpenAI फॉर इंडिया" पहल के तहत किया जा रहा है। इस पहल का मकसद AI तक पहुंच बढ़ाना, देश में मजबूत सॉवरेन AI सिस्टम तैयार करना और एंटरप्राइज सेक्टर में बदलाव को तेज करना है। CEO सैम ऑल्टमैन ने कहा कि भारत AI अपनाने में आगे है और यहां का टेक टैलेंट मजबूत है। उन्होंने कहा कि कंपनी भारत के साथ मिलकर जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर और स्किल्स तैयार करना चाहती है।

साझेदारी

डाटा सेंटर और एंटरप्राइज साझेदारी

OpenAI टाटा समूह के साथ मिलकर भारत में AI-रेडी डाटा सेंटर भी तैयार कर रही है। कंपनी TCS के हाइपरवॉल्ट डाटा सेंटर की पहली ग्राहक बनेगी, जिससे भारत में सुरक्षित और तेज AI सेवाएं उपलब्ध होंगी। टाटा समूह अपने कर्मचारियों के लिए ChatGPT एंटरप्राइज लागू करने की योजना बना रहा है। इसके अलावा, पाइन लैब्स, फोनपे और HCL टेक जैसी कंपनियां भी OpenAI के टूल्स को अपने सिस्टम में जोड़ रही हैं।

Advertisement

शिक्षा

स्किलिंग और शिक्षा पर जोर

OpenAI भारत में AI स्किल्स बढ़ाने पर भी ध्यान दे रही है। कंपनी TCS और कई बड़े शिक्षण संस्थानों के साथ मिलकर सर्टिफिकेशन प्रोग्राम चला रही है। इसके तहत 1 लाख से ज्यादा ChatGPT एजुकेशन लाइसेंस छात्रों को दिए जाएंगे। भारत ChatGPT का दूसरा सबसे बड़ा बाजार बन चुका है, जहां हर हफ्ते करोड़ों लोग इसका उपयोग कर रहे हैं। कंपनी को उम्मीद है कि भारत जल्द ही उसका सबसे बड़ा मार्केट बन सकता है।

Advertisement