Loading...
OpenAI जुटाने जा रही नया निवेश, मूल्यांकन 115 लाख करोड़ रुपये पहुंचने की उम्मीद
OpenAI जुटाने जा रही नया निवेश

OpenAI जुटाने जा रही नया निवेश, मूल्यांकन 115 लाख करोड़ रुपये पहुंचने की उम्मीद

Sep 16, 2026
12:48 pm

क्या है खबर?

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी OpenAI जल्द ही निवेश का नया दौर शुरू कर सकती है। फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस फंडिंग के बाद कंपनी का मूल्यांकन करीब 1.2 लाख करोड़ डॉलर (लगभग 115 लाख करोड़ रुपये) तक पहुंच सकती है। अगर निवेशकों के साथ समझौता हो जाता है, तो कंपनी की कीमत मौजूदा स्तर के मुकाबले काफी बढ़ जाएगी। हालांकि, अभी बातचीत चल रही है और फंडिंग से जुड़ी अंतिम जानकारी सामने नहीं आई है।

रकम

कंपनी पहले ही जुटा चुकी है बड़ी रकम

OpenAI ने मार्च में करीब 122 अरब डॉलर का निवेश हासिल किया था।

इस फंडिंग के बाद कंपनी का मूल्यांकन 852 अरब डॉलर (लगभग 82,000 अरब रुपये) तक पहुंच गया था। अब प्रस्तावित नया मूल्यांकन उससे लगभग 41 प्रतिशत अधिक होगा।

इतनी बड़ी रकम मिलने से कंपनी को अपने कारोबार का विस्तार करने में मदद मिल सकती है। इसके साथ ही OpenAI नए निवेशकों को जोड़कर AI क्षेत्र में अपनी स्थिति मजबूत करने की तैयारी कर रही है।

खर्च

AI तकनीक पर लगातार बढ़ रहा खर्च

OpenAI को AI मॉडल तैयार करने, उन्हें चलाने और नए फीचर्स विकसित करने में भारी खर्च करना पड़ रहा है।

कंपनी ने पिछले साल करीब 34 अरब डॉलर खर्च किए थे। दूसरी ओर, पिछले महीने उसका सालाना रेवेन्यू 40 अरब डॉलर (लगभग 3,900 अरब रुपये) से ज्यादा हो गया।

कंपनी इस रकम का इस्तेमाल नए मॉडल, बेहतर कंप्यूटिंग व्यवस्था और दूसरे AI उत्पादों को विकसित करने में कर सकती है। AI बाजार में एंथ्रोपिक से भी मुकाबला जारी है।

ADVERTISEMENT

IPO

IPO के लिए 2027 पर नजर

OpenAI के प्रमुख सैम ऑल्टमैन ने संकेत दिया है कि कंपनी 2026 में शेयर बाजार में सूचीबद्ध नहीं होगी।

हालांकि, 2027 में IPO लाने की संभावना बनी हुई है। कंपनी ने इस साल की शुरुआत में IPO से जुड़े दस्तावेज गोपनीय रूप से जमा किए थे। नई फंडिंग की रकम और समय तय नहीं है।

कंपनी की प्राथमिकता अभी निवेश जुटाकर AI मॉडल, तकनीक और कंप्यूटिंग क्षमता को और मजबूत करना है।

ADVERTISEMENT