LOADING...
OpenAI का ChatGPT बन जाएगा आपका वित्तीय सलाहकार, हिरो फाइनेंस का किया अधिग्रहण
ChatGPT जल्द ही वित्तीय सलाहकार की तरह काम करेगा

OpenAI का ChatGPT बन जाएगा आपका वित्तीय सलाहकार, हिरो फाइनेंस का किया अधिग्रहण

Apr 14, 2026
09:26 am

क्या है खबर?

OpenAI ने पर्सनल फाइनेंस स्टार्टअप हिरो फाइनेंस का अधिग्रहण कर लिया है। इसके संस्थापक एथन ब्लोच ने इसकी घोषणा की है। इससे संकेत मिलता है कि ChatGPT आपके पैसे के प्रबंधन में और भी अधिक स्मार्ट होने वाला है। यह सौदा इस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चैटबॉट में विकसित की जा रही व्यापक वित्तीय नियोजन टूल के रूप में एक नई क्षमता विकसित करेगा, जो इसे मिंट से लेकर रोबो-एडवाइजर तक सभी के साथ प्रतिस्पर्धा में खड़ा कर सकते हैं।

खुलासा 

अधिग्रहण को लेकर हुआ यह खुलासा 

टेकक्रंच की रिपोर्ट के अनुसार, हिरो ने कहा है कि वह 20 अप्रैल को अपना परिचालन बंद कर देगा और 13 मई को अपने सर्वरों से सारा डाटा हटा देगा। अधिग्रहण की शर्तों का खुलासा नहीं किया गया है। कंपनी के संस्थापक ब्लोच ने अपने पोस्ट में कहा कि हिरो के कर्मचारी उनके साथ OpenAI में आ रहे हैं। उन्होंने यह नहीं बताया कि कितने कर्मचारी शामिल हैं, लेकिन लिंक्डइन पर कंपनी से जुड़े लगभग 10 लोगों की सूची है।

फायदा 

इस अधिग्रहण का क्या होगा फायदा?

हिरो फाइनेंस की स्थापना 2023 में हुई थी और इसने लगभग 5 महीने पहले अपना AI टूल लॉन्च किया था। हिरो उपभोक्ताओं के लिए AI-आधारित वित्तीय नियोजन की सुविधा प्रदान करता है। यूजर वेतन, लोन और मासिक खर्च जैसी वित्तीय जानकारी दर्ज करते हैं और ऐप उन्हें वित्तीय निर्णय लेने में मदद करने के लिए सलाह देता है। इस अधिग्रहण से संकेत मिलता है कि ChatGPT जल्द ही वित्तीय सलाहकार, बजट योजनाकार और निवेश मार्गदर्शक के रूप में कार्य करेगा।

Advertisement