जबरदस्त कमाई के बावजूद ONGC के शेयर 4 फीसदी लुढ़के
तेल और प्राकृतिक गैस निगम (ONGC) के शेयर बुधवार (27 मई) को 4 फीसदी गिरकर 277 रुपये पर आ गए। यह इसलिए हैरानी भरा है, क्योंकि कंपनी ने अभी चौथी तिमाही के नतीजे घोषित किए हैं, जिनमें उसके शुद्ध मुनाफे में 46 फीसदी की भारी उछाल आई है।
इस बार कंपनी का मुनाफा 10,820 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल के 7,431 करोड़ रुपये से काफी ज्यादा है। कंपनी का कुल राजस्व भी सालाना आधार पर 4 फीसदी बढ़कर 1.73 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।
सालाना मुनाफा हुआ 32,894 करोड़ रुपये
वित्त वर्ष 2026 के लिए ONGC का स्टैंडअलोन मुनाफा 32,894 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है, वहीं इसकी सहायक कंपनी मैंगलोर रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (MRPL) के मुनाफे में भी जबरदस्त उछाल आया है। पिछले साल जहां यह सिर्फ 51 करोड़ रुपये था, वहीं इस बार यह बढ़कर 1,931 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।
MRPL के रिफाइनिंग मार्जिन में भी सुधार देखने को मिला है। कंपनी ने वेस्टर्न ऑफशोर प्रोजेक्ट्स में 33,075 करोड़ रुपये के नए प्रोजेक्ट्स पर काम शुरू किया है।
इसके साथ ही, नए कुओं से गैस उत्पादन भी बढ़ा है, जो अब कुल उत्पादन का 17 फीसदी हो गया है। साथ ही, कंपनी के नॉमिनेशन गैस पोर्टफोलियो से होने वाले कुल राजस्व में 21 फीसदी का हिस्सा आता है।