एनवीडिया के जेंसेन हुआंग की लेदर जैकेट करीब 9 करोड़ रुपये में नीलाम
क्या है खबर?
दिग्गज चिप निर्माता एनवीडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जेंसेन हुआंग की सिग्नेचर ब्लैक लेदर जैकेट सूदबी की नीलामी में 9.6 लाख डॉलर (करीब 9 करोड़ रुपये) में बिकी है। यह कीमत इसके अनुमानित मूल्य से कहीं ज्यादा थी और इससे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) उद्योग से जुड़ी चीजों की बढ़ती मांग का पता चलता है। इस जैकेट को हुआंग ने 2023 में ताइपे में फॉक्सकॉन के एक कार्यक्रम के दौरान पहना था।
बोली
45 लोगों ने लगाई थी बोली
हुआंग की नीलाम हुई लेदर जैकेट की अनुमानित कीमत 40,000 से 60,000 डॉलर (35-55 लाख रुपये) के बीच थी, लेकिन यह उससे लगभग 16 गुना ज्यादा कीमत पर बिकी और इसके लिए 45 कलेक्टर्स की तरफ से 65 बोलियां लगाई गईं।
सूदबी ने कहा कि इससे मिलने वाली रकम का इस्तेमाल एज इंस्टीट्यूट को सपोर्ट करने के लिए किया जाएगा।
यह एक गैर-लाभकारी संस्था है, जो फेलोशिप, ग्रांट और रेसीडेंसी प्रोग्राम के जरिए इनोवेशन पर काम करती है।
पहनावा
प्रमुख मौकों पर जैकेट में दिखते हैं हुआंग
एनवीडिया प्रमुख लगभग 2 दशकों से काली लेदर जैकेट पहनने के लिए जाने जाते हैं। वे अक्सर उत्पाद लॉन्च, कंपनी इवेंट्स और टेक्नोलॉजी कॉन्फ्रेंस में इसी तरह की जैकेट पहने नजर आते हैं।
उन्होंने पहले भी अपने इस स्टाइल के बारे में मजाक में बातें कही हैं। 2023 के एक पॉडकास्ट में बताया था कि उनकी पत्नी और बेटी ही उनके कपड़े चुनती हैं।
2016 में रेडिट पर हुई चर्चा में उन्होंने खुद को 'लेदर जैकेट वाला आदमी' कहा था।