LOADING...
AI चलन से एनवीडिया को फायदा, कंपनी ने दर्ज की रिकॉर्ड कमाई
AI बूम से एनवीडिया को बड़ा फायदा

AI चलन से एनवीडिया को फायदा, कंपनी ने दर्ज की रिकॉर्ड कमाई

May 21, 2026
01:31 pm

क्या है खबर?

अमेरिका की बड़ी चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चिप्स की तेज मांग के बीच रिकॉर्ड कमाई दर्ज की है। कंपनी ने बताया कि फरवरी से अप्रैल के बीच उसका मुनाफा बढ़कर 58.3 अरब डॉलर (लगभग 5,600 अरब रुपये) पहुंच गया। यह पिछली तिमाही से 37 प्रतिशत और पिछले साल की तुलना में 200 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ोतरी है। इसी दौरान कंपनी का कुल राजस्व 81.6 अरब डॉलर (लगभग 7,900 अरब रुपये) रहा।

डाटा सेंटर

डाटा सेंटर बिजनेस बना सबसे बड़ा सहारा

एनवीडिया की कमाई में बड़ा योगदान उसके डाटा सेंटर कारोबार का रहा है। कंपनी का डाटा सेंटर राजस्व सालाना आधार पर 92 प्रतिशत बढ़कर 75.2 अरब डॉलर पहुंच गया। वहीं हार्डवेयर यूनिट से कंपनी को 6.4 अरब डॉलर की कमाई हुई, जो पिछले साल से 29 प्रतिशत ज्यादा रही। कंपनी को उम्मीद है कि अगली तिमाही में उसका राजस्व 91 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है। यह अनुमान बाजार के जानकारों की उम्मीद से भी ज्यादा माना जा रहा है।

ऐलान

शेयर बायबैक और डिविडेंड का ऐलान

कंपनी ने निवेशकों के लिए 80 अरब डॉलर (लगभग 7,700 अरब रुपये) के नए शेयर बायबैक प्लान का भी ऐलान किया है। एनवीडिया ने अपना तिमाही डिविडेंड बढ़ाकर 0.25 डॉलर प्रति शेयर कर दिया है। एनवीडिया के CEO जेनसन हुआंग ने कहा कि AI की मांग अब बेहद तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि एजेंटिक AI आने के बाद कंपनियां AI का ज्यादा उपयोग कर रही हैं, जिससे यह काम करने वाला बेहतर सिस्टम बनता जा रहा है।

Advertisement

गिरावट

शानदार नतीजों के बाद भी शेयरों में हल्की गिरावट

इतने मजबूत नतीजों के बावजूद एनवीडिया के शेयर आफ्टर-मार्केट ट्रेडिंग में करीब 1.3 प्रतिशत गिर गए। विशेषज्ञों का कहना है कि कंपनी से बाजार की उम्मीदें पहले से ही बहुत ज्यादा हैं। कई विश्लेषकों का मानना है कि AI सेक्टर में तेजी बनी हुई है, लेकिन अभी बड़े स्तर पर आम लोगों के इस्तेमाल वाले AI प्रोडक्ट्स सामने आने बाकी हैं। इसके बावजूद एनवीडिया को AI इंडस्ट्री की सबसे मजबूत कंपनियों में माना जा रहा है।

Advertisement