एनवीडिया फिर बनी दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनी, ऐपल को छोड़ा पीछे
क्या है खबर?
चिप बनाने वाली दिग्गज कंपनी एनवीडिया एक बार फिर दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनी बन गई है। मंगलवार (3 नवंबर) को कंपनी का बाजार मूल्य बढ़कर 5.02 लाख करोड़ डॉलर (लगभग 475 लाख करोड़ रुपये) पहुंच गया। कारोबार के दौरान इसके शेयर करीब 3 प्रतिशत चढ़े। इस तेजी के साथ एनवीडिया ने ऐपल को पीछे छोड़ दिया। मंगलवार को ऐपल के शेयरों में गिरावट से उसकी बाजार कीमत घटकर 4.83 लाख करोड़ डॉलर (लगभग 460 लाख करोड़ रुपये) रह गई।
नतीजे
ऐपल के नतीजे अच्छे
ऐपल ने अपनी चौथी तिमाही के नतीजों में उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया था।
कंपनी का राजस्व 114.5 अरब डॉलर रहा, जबकि प्रति शेयर कमाई 2.10 डॉलर दर्ज की गई। आईफोन की बिक्री भी 57.6 अरब डॉलर तक पहुंची। ये आंकड़े बाजार के अनुमान से बेहतर थे।
इसके बावजूद कंपनी के शेयर करीब 2 प्रतिशत गिर गए। इसकी वजह अगली तिमाही में मुनाफे का अंतर कम रहने का अनुमान और मेमोरी चिप की बढ़ती कीमतों को लेकर चिंता है।
वजह
AI कारोबार से एनवीडिया को मिली बड़ी ताकत
एनवीडिया की बढ़ती कीमत के पीछे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का कारोबार सबसे बड़ी वजह है।
कंपनी के ग्राफिक्स प्रोसेसिंग चिप अब AI मॉडल तैयार करने और चलाने के लिए इस्तेमाल हो रहे हैं। वित्त वर्ष 2026 में कंपनी का राजस्व बढ़कर 215.9 अरब डॉलर पहुंच गया, जबकि वित्त वर्ष 2023 में यह केवल 27 अरब डॉलर था।
दूसरी तिमाही में उसके डाटा सेंटर कारोबार से 89 अरब डॉलर की कमाई हुई, जो पिछले साल से 117 प्रतिशत अधिक थी।
चिंता
AI पर बढ़ते खर्च से निवेशकों की चिंता
AI क्षेत्र में भारी निवेश को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं।
निवेशकों को आशंका है कि टेक कंपनियां AI ढांचे पर जितना पैसा खर्च कर रही हैं, उससे उन्हें उम्मीद के मुताबिक कमाई नहीं होगी। इसी चिंता के कारण हाल के दिनों में चिप और तकनीकी कंपनियों के शेयरों में गिरावट आई थी।
अक्टूबर में एनवीडिया के बाजार मूल्य से करीब 835 अरब डॉलर कम हो गए थे। अब कंपनी 17 नवंबर को तीसरी तिमाही के नतीजे जारी करेगी।