Loading...
नोएल टाटा नवंबर में टाटा ग्रुप की 6 कंपनियों के बोर्ड से होंगे बाहर, जानें वजह
टाटा ग्रुप की कंपनियों के बोर्ड से हटेंगे नोएल टाटा

नोएल टाटा नवंबर में टाटा ग्रुप की 6 कंपनियों के बोर्ड से होंगे बाहर, जानें वजह

Oct 28, 2026
05:21 pm

क्या है खबर?

टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा 12 नवंबर को टाटा ग्रुप की 6 कंपनियों के बोर्ड से हट जाएंगे। 70 साल के होने के बाद यह बदलाव ग्रुप के उम्र से जुड़े नियमों के तहत किया जा रहा है। हालांकि, वह टाटा संस के बोर्ड में बने रहेंगे। इस तरह कंपनियों के रोजमर्रा के कामकाज से जुड़ी उनकी जिम्मेदारियां कम होंगी, लेकिन ग्रुप की मुख्य होल्डिंग कंपनी में उनकी भूमिका बरकरार रहेगी।

विदाई

ट्रेंट, टाइटन और टाटा स्टील समेत 6 कंपनियों से विदाई

नोएल टाटा ट्रेंट, वोल्टास, टाटा इन्वेस्टमेंट कॉर्पोरेशन, टाटा इंटरनेशनल, टाटा स्टील और टाइटन कंपनी के बोर्ड से हटेंगे।

इन कंपनियों का कारोबार खुदरा बिक्री, घरेलू उपकरण, निवेश, स्टील और गहनों जैसे क्षेत्रों में फैला है। नोएल टाटा ने ट्रेंट के विस्तार में अहम भूमिका निभाई है। यह कंपनी वेस्टसाइड और जूडियो जैसे खुदरा ब्रांड चलाती है।

संबंधित कंपनियों के बोर्ड तय करेंगे कि उनके जाने के बाद जिम्मेदारियां किस तरह संभाली जाएंगी।

भूमिका

टाटा संस में बने रहने से बरकरार रहेगी भूमिका

6 कंपनियों के बोर्ड से हटने के बावजूद नोएल टाटा टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन और टाटा संस के निदेशक बने रहेंगे।

टाटा संस ग्रुप की मुख्य होल्डिंग कंपनी है, जिसके तहत वाहन, सूचना प्रौद्योगिकी, स्टील, खुदरा बिक्री और विमानन जैसे कारोबार आते हैं। टाटा ट्रस्ट्स के पास टाटा संस की करीब 66 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

इसलिए टाटा संस के बोर्ड में नोएल टाटा की मौजूदगी ट्रस्ट्स और ग्रुप की कंपनियों के बीच संबंधों के लिहाज से अहम मानी जाती है।

ADVERTISEMENT

मतभेद

एन चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति को लेकर मतभेद

टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन को अगले 5 साल के लिए फिर नियुक्त करने का प्रस्ताव विवाद का विषय बना हुआ है।

उन्होंने 2017 में यह पद संभाला था। नोएल ने उनके तीसरे कार्यकाल पर आपत्ति जताई है। इस मामले में नियुक्ति की प्रक्रिया और टाटा संस के नियमों को लेकर सवाल उठे हैं।

इसके अलावा, RBI ने टाटा संस को ऊपरी स्तर की गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी माना है, जिसके तहत कंपनी पर अतिरिक्त नियामकीय जिम्मेदारियां लागू होती हैं।

ADVERTISEMENT