नजारा के CEO पद से नितिश मित्तरसैन ने दिया इस्तीफा, अब इन्हें मिली जिम्मेदारी
क्या है खबर?
गेमिंग कंपनी नजारा टेक्नोलॉजीज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नितिश मित्तरसैन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। कंपनी ने इसकी आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि यह बदलाव 1 सितंबर, 2026 से लागू होगा। हालांकि, वह कंपनी नहीं छोड़ रहे हैं और दूसरे काम देखेंगे। नितिश पहले की तरह मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) बने रहेंगे और कंपनी की दीर्घकालिक रणनीति, बड़े निवेश तथा अहम व्यावसायिक फैसलों पर अपनी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे।
पदभार
अब इन्हें मिली जिम्मेदारी
कंपनी के बोर्ड ने ब्लूटाइल गेम्स के संस्थापक और पूर्व CEO रेमंड ए. स्टॉफर को नजारा टेक्नोलॉजीज का नया CEO नियुक्त किया है।
उनकी नियुक्ति 1 सितंबर, 2026 से लागू होगी, जिसके लिए जरूरी नियामकीय मंजूरी भी ली जाएगी। कंपनी के अनुसार, रेमंड रोजमर्रा के संचालन, प्रोडक्ट रणनीति, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), यूजर एक्विजिशन, मॉनेटाइजेशन और अलग-अलग कारोबारों के बेहतर तालमेल की जिम्मेदारी संभालेंगे।
साथ ही कंपनी के विस्तार और परिचालन क्षमता को मजबूत बनाने पर भी विशेष ध्यान देंगे।
राजस्व
तिमाही नतीजों में राजस्व घटा
नजारा ने अप्रैल-जून तिमाही में 429 करोड़ रुपये का परिचालन राजस्व दर्ज किया, जो पिछले साल की समान अवधि के 499 करोड़ रुपये से 14 प्रतिशत कम रहा।
कंपनी को इस दौरान 82 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ, जबकि पिछले वर्ष इसी तिमाही में 36 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था।
वहीं, कंपनी का EBITDA 46 करोड़ रुपये रहा और इस दौरान 22 करोड़ रुपये का इम्पेयरमेंट लॉस भी दर्ज किया गया, जिससे कुल वित्तीय प्रदर्शन पर असर पड़ा।
कारोबार
गेमिंग कारोबार में बढ़त
कुल राजस्व में गिरावट के बावजूद कंपनी के गेमिंग कारोबार की आय 14 प्रतिशत बढ़कर 275 करोड़ रुपये और एडटेक कारोबार की आय 19 प्रतिशत बढ़कर 126 करोड़ रुपये पहुंच गई।
कंपनी का कहना है कि आगे प्रोडक्ट डेवलपमेंट, AI, यूजर बढ़ाने और कमाई के नए अवसरों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
वहीं, नितिश मित्तरसैन कंपनी की दीर्घकालिक रणनीति, पोर्टफोलियो विस्तार, नए अधिग्रहण और प्रमुख साझेदारों के साथ संबंध मजबूत करने पर काम करते रहेंगे।