सेसा केयर के डाबर के साथ विलय का रास्ता साफ, NCLT से मिली मंजूरी
क्या है खबर?
प्रीमियम आयुर्वेदिक हेयर केयर ब्रांड सेसा केयर का डाबर इंडिया में विलय का रास्ता साफ हो गया है। राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (NCLT) की नई दिल्ली बेंच ने इसको मंजूरी दे दी है। डाबर का कहना है कि इस विलय से हेयर केयर सेगमेंट में डाबर की मौजूदगी मजबूत होगी। साथ ही इससे उसे सेसा केयर के वितरण नेटवर्क, श्रेणी की जानकारी और अंतरराष्ट्रीय मौजूदगी का फायदा उठाकर आगे बढ़ाने के मौके भी मिलेंगे।
मंजूरी
कानूनी फाइलिंग के बाद लागू होगा विलय
कंपनी ने बताया कि NCLT के निर्देशों के तहत 2 मई को बुलाई गई बैठकों में डाबर इंडिया के इक्विटी शेयरहोल्डर्स और बिना गारंटी वाले लेनदारों से इस स्कीम को जरूरी मंजूरी मिली, जिसके बाद संबंधित नियामक मंजूरी भी मिल गई।
कंपनी ने कहा कि NCLT की यह ताजा मंजूरी इस लेन-देन में एक अहम पड़ाव है।
स्कीम के तहत जरूरी कानूनी फाइलिंग और दूसरी औपचारिकताओं के पूरा होने के बाद यह विलय लागू हो जाएगा।
फायदा
विलय से क्या होगा फायदा?
डाबर के अनुसार, सेसा केयर एक प्रमुख आयुर्वेदिक हेयर केयर ब्रांड है, जिसकी ब्रांड वैल्यू बहुत मजबूत है।
कंपनी का कहना है कि इस ब्रांड की प्रीमियम इमेज और आयुर्वेदिक पहचान उसके मौजूदा हेयर केयर पोर्टफोलियो के साथ अच्छी तरह मेल खाती है।
इस साैदे की घोषणा सबसे पहले अक्टूबर, 2024 में की गई थी, जब डाबर इंडिया ने सेसा केयर के मौजूदा शेयरहोल्डर ट्रू नॉर्थ से कंपनी के 51 प्रतिशत 'पेड-अप क्यूमुलेटिव रिडीमेबल प्रेफरेंस शेयर्स' (CRPS) खरीदे थे।