नायरा एनर्जी ने पेट्रोल 5 रुपये और डीजल 3 रुपये प्रति लीटर किया सस्ता
क्या है खबर?
देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर बड़ी राहत की खबर आई है। निजी ईंधन कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल 5 रुपये और डीजल 3 रुपये प्रति लीटर सस्ता कर दिया है। यह कटौती 1 जुलाई से लागू हो गई है। रिपोर्ट के अनुसार, 2 साल से अधिक समय बाद किसी कंपनी ने खुदरा ईंधन की कीमतों में इतनी बड़ी कमी की है। इसका फायदा नायरा के देशभर के हजारों पेट्रोल पंपों पर मिलेगा।
वजह
तेल की कीमतें घटने से लिया गया फैसला
पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बाद यह फैसला लिया गया है। समुद्री मार्ग फिर से सामान्य होने से कच्चे तेल और गैस की सप्लाई बेहतर हुई है। इससे वैश्विक बाजार में कीमतों पर दबाव कम हुआ है। इसी के बाद नायरा एनर्जी ने ईंधन के दाम घटाने का फैसला किया, जिससे ग्राहकों को सीधी राहत मिलने की उम्मीद है।
अन्य कंपनियां
सरकारी कंपनियों ने नहीं बदले दाम
इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में अभी तक कोई भी बदलाव नहीं किया है। दिल्ली में इनके पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर की पुरानी कीमत पर ही मिल रहा है। वहीं नायरा एनर्जी के देशभर में 7,000 से अधिक पेट्रोल पंपों पर नई दरें आज (1 जुलाई) से लागू कर दी गई हैं।
अन्य
मार्च में बढ़े दाम अब किए गए कम
मार्च में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत बढ़ने के बाद नायरा एनर्जी ने पेट्रोल 5 रुपये और डीजल 3 रुपये प्रति लीटर महंगा किया था। अब कंपनी ने उसी बढ़ोतरी को वापस ले लिया है। नायरा गुजरात के वडिनार में 2 करोड़ टन सालाना क्षमता वाली रिफाइनरी चलाती है। कंपनी का कहना है कि वह बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए अपने पूरे नेटवर्क पर पूरी क्षमता के साथ काम कर रही है।