टाटा संस की बैठक में होगा घाटे का हिसाब, IPO लाने पर भी होगी चर्चा
टाटा संस की बोर्ड बैठक मंगलवार (26 मई) को होने वाली है, जिसकी अध्यक्षता एन चंद्रशेखरन करेंगे। ग्रुप के भविष्य को लेकर अहम फैसले लेने और नई रणनीति बनाने के लिए यह मीटिंग बुलाई गई है।
बोर्ड खासतौर पर उन अनलिस्टेड और घाटे में चल रहे कारोबारों को ठीक करने पर ध्यान देगा। इसके साथ ही, काम करने की क्षमता बढ़ाने और कैपिटल का समझदारी से इस्तेमाल करने पर भी जोर दिया जाएगा। इस बोर्ड में उपाध्यक्ष नोएल टाटा के साथ 2 स्वतंत्र निदेशक भी शामिल हैं।
टाटा संस को सूचीबद्ध करने पर विचार
इस साल की शुरुआत में अनलिस्टेड कंपनियों में हुए घाटे के कारण चंद्रशेखरन का तीसरा कार्यकाल चर्चा का विषय बन गया था और उनकी नियुक्ति में भी देर हुई थी। अगर, वे दोबारा अध्यक्ष बनते हैं तो उन्हें सेवानिवृत्ति की उम्र के नियम से छूट लेनी पड़ेगी, वहीं दूसरी तरफ, टाटा ट्रस्ट जल्द ही एक बैठक करने वाला है, जिसमें गवर्नेंस के मुद्दों पर बात होगी।
इस बैठक में वेनु श्रीनिवासन के उस प्रस्ताव पर भी बात होगी, जिसमें वे टाटा संस को सार्वजनिक सूचीबद्ध (IPO) करने की बात कह रहे हैं। हालांकि, इससे ग्रुप को ज्यादा पारदर्शिता मिलेगी, लेकिन साथ ही नई चुनौतियां भी खड़ी हो सकती हैं।