मुंबई के लोगों को बड़ा झटका, डेयरी का दूध 100 रुपये प्रति लीटर पार
क्या है खबर?
महाराष्ट्र के सबसे बड़े त्यौहार गणेश उत्सव से पहले मुंबईकरों को बड़ा झटका लगा है। मुंबई दुग्ध उत्पादक संघ ने भैंस के दूध के दाम में 9 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की है, जो 1 सितंबर से लागू होगी। इससे दूध के दाम 100 रुपये के पार चले गए हैं। पिछले दिनों चीनी के दाम में हुई अचानक बढ़ोतरी ने पहले ही चाय फीकी कर दी थी, अब दूध के बढ़े दाम ने चाय को पतला कर दिया है।
दाम
मुंबई में अब इतने रुपये का मिलेगा दूध
मराठी मीडिया के मुताबिक, मुंबई में दूध का थोक मूल्य 1 सितंबर से 93 रुपये से बढ़कर 102 रुपये प्रति लीटर हो जाएगा। ये नई दरें 28 फरवरी, 2027 तक लागू रहेंगी। इसके बाद समीक्षा होगी।
डेयरी संघ द्वारा बेचे जाने वाला भैंस का दूध अभी 93 रुपये प्रति लीटर है। फरवरी 2026 में दाम 91 रुपये से बढ़ाकर 93 रुपये किया गया था।
बता दें, यह थोक दूध के दाम बढ़े हैं, जिससे फुटकर दाम पर भी असर पड़ेगा।
महंगाई
डेयरी संघ ने क्यों बढ़ाया दाम?
डेयरी संघ ने एक बैठक के बाद दूध के दाम बढ़ाने का निर्णय लिया है।
संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि उत्पादन लागत में वृद्धि के कारण दुग्ध उत्पादकों पर वित्तीय बोझ बढ़ रहा है।
उनका कहना है कि पशु आहार की कीमत में लगभग 25 प्रतिशत बढ़ोतरी हुई है।
अनाज, तुरचुनी, चना, चारा, अनाज आदि की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण दूध के उत्पादन लागत में बढ़ोतरी हो रही है। दुधारू पशु भी महंगे हुए हैं।
दाम
मुंबई में कितने का है पैकेट बंद दूध
मुंबई में दूध कंपनियों का पैकेटबंद दूध भारत के अलग-अलग राज्यों के मुताबिक 2 से 5 रुपये कम-ज्यादा है।
मुंबई में अमूल गोल्ड 72 रुपये प्रति लीटर है, जबकि अमूल ताजा की कीमत 60 रुपये प्रति लीटर गै। मदर डेयरी का फुल क्रीम दूध 72 रुपये प्रति लीटर है।
बता दें कि गणेशोत्सव के बाद, नवरात्रि, दशहरा और दिवाली समेत कई त्यौहारों में दूध की खपत बढ़ जाती है। ऐसे में मुंबई में इसकी बिक्री पर असर दिखेगा।