Page Loader
मुकेश अंबानी बने एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति, जैक मा को पछाड़ा

मुकेश अंबानी बने एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति, जैक मा को पछाड़ा

Apr 23, 2020
10:18 am

क्या है खबर?

मुकेश अंबानी एक बार फिर एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। रिलायंस जियो में फेसबुक के निवेश के बाद रिलायंस के शेयरों में जबरदस्त उछाल देखा गया और इस वजह से मुकेश अंबानी चीन के जैक मा को पछाड़कर एशिया के सबसे अमीर शख्स बन गए। चीनी ई-कॉमर्स कंपनी अलीबाबा के संस्थापक जैक मा ने पिछले दिनों ही मुकेश अंबानी से यह तमगा छीना था। आइये, यह खबर विस्तार से जानते हैं।

संपत्ति

जैक मा से 3 अरब डॉलर ज्यादा हुई अंबानी की संपत्ति

हाल ही में फेसबुक ने 43,574 करोड़ रुपये निवेश कर रिलायंस जियो में लगभग 10 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी थी। इसके बाद अंबानी की संपत्ति में लगभग 4 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई और उनकी कुल संपत्ति 49 अरब डॉलर पहुंच गई है। ब्लूमगबर्ग की मुताबिक, इस निवेश के बाद अंबानी की सपत्ति जैक मा से लगभग 3 अरब डॉलर ज्यादा हो गई है। इसके साथ ही मुकेश अंबानी दुनिया के अमीरों की सूची में 16वें नंबर पर पहुंच गए हैं।

संपत्ति

मंगलवार को 14 अरब डॉलर कम हुई थी अंबानी की संपत्ति

यह बात भी ध्यान देने वाली है कि फेसबुक से हुई डील के एक दिन पहले यानी मंगलवार को मुकेश अंबानी की संपत्ति 14 अरब डॉलर घट गई थी। दरअसल, रिलायंस के पास दुनिया की सबसे बड़ी तेल रिफाइनरी है। पिछले कुछ दिनों से कच्चे तेल की कीमतों में लगातार हो रही कटौती से उसको नुकसान हो रहा था। मंगलवार को कच्चे तेल के दाम कम होने से उनकी संपत्ति 14 अरब डॉलर कम हो गई थी।

निवेश

फेसबुक ने भारत में किया सबसे बड़ा FDI निवेश

फेसबुक ने 43,574 करोड़ रुपये में जियो की 9.99 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी है। यह भारत में टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में अब तक का सबसे बड़ा प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) है। वहीं फेसबुक के लिहाज से यह 2014 में व्हाट्सऐप के अधिग्रण के बाद का सबसे बड़ा सौदा था। इस निवेश के साथ फेसबुक जियो की सबसे बड़ी माइनॉरिटी शेयर होल्डर बन गई है। इस डील के बाद जियो की एंटरप्राइज वैल्यू 4.62 लाख करोड़ हो गई है।

जानकारी

मार्क जकरबर्ग ने सौदे पर दी थी यह प्रतिक्रिया

फेसबुक के संस्थापक मार्क जकरबर्ग ने बयान जारी कर कहा कि इस निवेश के साथ दोनों कंपनियों ने कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर साथ काम करने की प्रतिबद्धता जताई है जो भारत के लोगों के लिए व्यापार के नए मौके पैदा करेंगे।

प्रतिक्रिया

मुकेश अंबानी बोले- डिजिटल इंडिया मिशन को पूरा करने में मदद करेगा सौदा

फेसबुक के साथ जियो की साझेदारी पर प्रतिक्रिया देते हुए रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रमुख मुकेश अंबानी ने कहा, "सभी भारतीयों के फायदे के लिए डिजिटल इकोसिस्टम बनाने और बदलाव लाने के लिए फेसबुक का हमारे सहयोगी के रूप में स्वागत करते हैं।" उन्होंने कहा कि यह समझौता प्रधानमंत्री मोदी के डिजिटल इंडिया मिशन को पूरा करने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि कोरोना वायरस संकट के बाद भारतीय अर्थव्यवस्था तेजी से अपनी रफ्तार पकड़ने में कामयाब होगी।