मध्य-पूर्व संघर्ष से एयरलाइन और पर्यटन से जुड़ी कंपनियों के शेयर में गिरावट
क्या है खबर?
मध्य पूर्व में युद्ध के कारण एविएशन ट्रैवल और रेलवे से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट देखने को मिल रहा है। ईरान को लेकर बढ़ते तनाव और एयरस्पेस बंद होने से निवेशकों में डर बढ़ गया है। सोमवार (2 मार्च) को कई कंपनियों के शेयर 5 से 8 प्रतिशत तक टूट गए। वेस्ट एशिया जाने वाली फ्लाइट्स रद्द होने से कारोबार प्रभावित हुआ। इसका असर सीधे शेयर बाजार पर दिखा और सेक्टर में तेज बिकवाली दर्ज की गई।
एयरलाइंस
एयरलाइंस शेयरों में तेज गिरावट
स्पाइसजेट के शेयर BSE पर 8 प्रतिशत से ज्यादा गिरकर 14.72 रुपये पर आ गए। शेयर 4.79 प्रतिशत नीचे खुला और दिनभर दबाव में रहा है। इंडिगो की पेरेंट कंपनी इंटरग्लोब एविएशन के शेयर NSE पर करीब 7 प्रतिशत गिरकर 4,500 रुपये पर पहुंच गए। कंपनी ने 2 मार्च, 2026 रात 11:59 बजे तक कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानें अस्थायी रूप से रद्द करने की बात कही है, जिससे निवेशकों की चिंता बढ़ी है।
रिफंड
यात्रियों को रिफंड का विकल्प
एयरलाइंस ने कहा है कि मौजूदा हालात को देखते हुए मिडिल ईस्ट एयरस्पेस का उपयोग करने वाली कई उड़ानों का सस्पेंशन बढ़ाया गया है। कंपनियों ने बताया कि शनिवार या उससे पहले की गई बुकिंग पर पूरा रिफंड या बिना अतिरिक्त शुल्क रीशेड्यूल की सुविधा दी जाएगी। यात्रियों को एयरपोर्ट जाने से पहले फ्लाइट स्टेटस जांचने की सलाह दी गई है। लगातार रद्द उड़ानों से परिचालन पर असर पड़ा है।
ट्रैवल और रेलवे
दबाव में ट्रैवल और रेलवे शेयर
ट्रैवल सेक्टर में भी गिरावट देखी गई। इक्सिगो के शेयर 5 प्रतिशत से ज्यादा गिरकर 161.59 रुपये पर आ गए। ईजी ट्रिप प्लानर्स का शेयर 8 प्रतिशत टूटकर 7.94 रुपये पर पहुंच गया। रेल विकास निगम लिमिटेड 6.69 प्रतिशत गिरकर 295.20 रुपये पर 52 हफ्ते के निचले स्तर पर आ गया। भारतीय रेलवे वित्त निगम के शेयर भी करीब 5 प्रतिशत कमजोर रहे। पूरे परिवहन सेक्टर पर दबाव बना हुआ है।