माइक्रोसॉफ्ट एक्सबॉक्स समेत अन्य विभागों से करेगी 4,800 कर्मचारियों छंटनी, क्या AI है वजह?
क्या है खबर?
माइक्रोसॉफ्ट ने अपने सबसे बड़े बदलावों में से एक के तहत 4,800 कर्मचारियों की छंटनी करने का फैसला किया है। रिपोर्ट के अनुसार, यह कंपनी के कुल वैश्विक कर्मचारियों का करीब 2 प्रतिशत हिस्सा है। इसका सबसे ज्यादा असर एक्सबॉक्स गेमिंग डिवीजन पर पड़ेगा। कंपनी का कहना है कि यह कदम भविष्य की जरूरतों के हिसाब से कारोबार को अधिक मजबूत और बेहतर बनाने के लिए उठाया जा रहा है। इससे कई टीमों का ढांचा भी बदला जाएगा।
असर
एक्सबॉक्स डिवीजन में सबसे ज्यादा असर
रिपोर्ट के मुताबिक, इस छंटनी के तहत एक्सबॉक्स डिवीजन से करीब 3,200 नौकरियां खत्म की जाएंगी। इनमें से लगभग 1,600 कर्मचारियों की नौकरी तुरंत जाएगी, जबकि बाकी कटौती अगले वित्तीय वर्ष 2027 तक पूरी होगी। इसके अलावा, चार गेम स्टूडियो के संचालन में भी बड़े बदलाव किए जाएंगे। कुछ स्टूडियो स्वतंत्र रूप से काम करेंगे, जबकि कुछ नए मालिकों के साथ अपना काम जारी रखेंगे। इससे गेमिंग कारोबार का ढांचा भी बदलेगा।
वजह
कंपनी ने बताई छंटनी की वजह
माइक्रोसॉफ्ट का कहना है कि टेक इंडस्ट्री तेजी से बदल रही है और कंपनियों को समय के साथ खुद को भी बदलना पड़ता है। कंपनी के अनुसार, एक्सबॉक्स का मुनाफा उम्मीद के मुताबिक नहीं बढ़ रहा था। वहीं, गेम पास सब्सक्रिप्शन की कीमत बढ़ने के बाद लाखों ग्राहकों ने सेवा छोड़ दी। इससे कंपनी की आय पर असर पड़ा और कारोबार को नए तरीके से व्यवस्थित करने का फैसला लिया गया।
AI
AI रणनीति पर भी बढ़ा फोकस
माइक्रोसॉफ्ट अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में काफी तेजी से निवेश बढ़ा रही है। कंपनी ने साफ किया है कि कर्मचारियों की जगह सीधे AI नहीं ले रहा है, लेकिन ऑटोमेशन से काम करने का तरीका बदल रहा है। हाल ही में कंपनी ने AI को तेजी से अपनाने के लिए 6,000 इंजीनियरों को बड़े ग्राहकों के साथ जोड़ने की योजना भी घोषित की थी। आने वाले समय में कंपनी AI आधारित विकास पर अधिक ध्यान देगी।