माइक्रोसॉफ्ट ने शेयर बाजार में बनाया नया रिकॉर्ड, एक दिन में 43,200 अरब रुपये बढ़ा मूल्यांकन
क्या है खबर?
माइक्रोसॉफ्ट ने अमेरिकी शेयर बाजार में गुरुवार (30 जुलाई) को एक बड़ा रिकॉर्ड बना दिया। कंपनी के शेयर एक ही दिन में 16 प्रतिशत चढ़ गए, जो अक्टूबर, 2008 के बाद सबसे बड़ी दैनिक बढ़त मानी जा रही है। इस तेजी से कंपनी के बाजार मूल्य में करीब 450 अरब डॉलर (लगभग 43,200 अरब रुपये) का इजाफा हुआ। यह एक दिन में किसी कंपनी के बाजार मूल्य में हुई अब तक की सबसे बड़ी बढ़ोतरी में शामिल है।
फायदा
क्या है इस तेजी की वजह?
कंपनी की इस शानदार बढ़त की सबसे बड़ी वजह एज्योर क्लाउड कारोबार है।
माइक्रोसॉफ्ट ने बताया कि वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में एज्योर का राजस्व 43 प्रतिशत बढ़ा, जो वर्ष 2022 की शुरुआत के बाद सबसे तेज वृद्धि है।
कंपनी ने यह भी साफ किया कि वर्ष 2026 के लिए अपने पूंजी निवेश की योजना में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है, जिससे निवेशकों का भरोसा और मजबूत हुआ तथा शेयरों में खरीदारी लगातार बढ़ती रही।
रिकॉर्ड
एनवीडिया का रिकॉर्ड भी पीछे छूटा
ब्लूमबर्ग के आंकड़ों के अनुसार, माइक्रोसॉफ्ट ने बाजार मूल्य बढ़ने के मामले में एनवीडिया का पिछला रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया।
इससे पहले एनवीडिया के बाजार मूल्य में एक दिन में करीब 440 अरब डॉलर (लगभग 42,200 अरब रुपये) की बढ़ोतरी हुई थी।
माइक्रोसॉफ्ट की एक दिन की बढ़त S&P 500 में शामिल लगभग 96 प्रतिशत कंपनियों के कुल बाजार मूल्य से भी अधिक रही, जिसने निवेशकों, विश्लेषकों और पूरी टेक इंडस्ट्री को हैरान कर दिया।
अन्य
कई देशों के शेयर बाजार से भी ज्यादा बढ़ी वैल्यू
माइक्रोसॉफ्ट की एक दिन में बढ़ी बाजार वैल्यू दक्षिण अफ्रीका, तुर्किये, फिनलैंड और वियतनाम जैसे कई देशों के पूरे शेयर बाजार के कुल मूल्य से भी ज्यादा है।
विशेषज्ञों का कहना है कि क्लाउड कारोबार और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में लगातार बढ़ते निवेश की वजह से कंपनी को मजबूत बढ़त मिल रही है।
आने वाले समय में भी माइक्रोसॉफ्ट की स्थिति मजबूत रहने की उम्मीद जताई जा रही है और कंपनी नए रिकॉर्ड भी बना सकती है।