माइक्रोसॉफ्ट की कमाई ने बनाया नया रिकॉर्ड, तिमाही राजस्व करीब 8,800 अरब रुपये पहुंचा
क्या है खबर?
टेक दिग्गज कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने एक बार फिर तिमाही कमाई का नया रिकॉर्ड बनाया है। कंपनी ने बुधवार (28 अक्टूबर) को बताया कि उसका राजस्व बढ़कर 92.3 अरब डॉलर (लगभग 8,800 अरब रुपये) पहुंच गया, जो पिछले साल की इसी तिमाही के मुकाबले 19 फीसदी ज्यादा है। कंपनी लगातार 10 तिमाहियों से अपनी कमाई के नए रिकॉर्ड बना रही है। माइक्रोसॉफ्ट की शुद्ध आय भी बढ़कर 36.6 अरब डॉलर हो गई है, जो पिछले साल से 32 फीसदी अधिक है।
कमाई
क्लाउड कारोबार से मिली सबसे ज्यादा कमाई
माइक्रोसॉफ्ट की कमाई बढ़ने में उसके क्लाउड कारोबार की बड़ी भूमिका रही है।
कंपनी के मुताबिक, माइक्रोसॉफ्ट क्लाउड का राजस्व इस तिमाही में 63.9 अरब डॉलर रहा, जो पिछले साल की समान अवधि से 30 फीसदी ज्यादा है। इस कारोबार में AI के अलावा दूसरे सॉफ्टवेयर और सेवाओं से भी कमाई होती है।
कंपनी की माइक्रोसॉफ्ट 365 सेवा से करीब 28 अरब डॉलर का राजस्व आया, जबकि एंटरप्राइज ग्राहकों की मांग भी बनी हुई है।
एज्योर
एज्योर और AI से कारोबार को मिला सहारा
माइक्रोसॉफ्ट की क्लाउड सेवा एज्योर ने इस तिमाही में 33.2 अरब डॉलर का राजस्व कमाया है। कंपनी को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कारोबार से भी अच्छी कमाई हुई है।
माइक्रोसॉफ्ट ने बताया कि उसे OpenAI से करीब 10 अरब डॉलर का राजस्व मिला। OpenAI अपनी कई सेवाएं माइक्रोसॉफ्ट के क्लाउड पर चलाती है। एंथ्रोपिक भी एज्योर का इस्तेमाल करती है।
हालांकि, क्लाउड से होने वाली पूरी कमाई को सिर्फ AI से जोड़कर नहीं देखा जा सकता।
डिवाइस कारोबार
डिवाइस कारोबार की कमाई में आई गिरावट
क्लाउड कारोबार में बढ़त के बीच माइक्रोसॉफ्ट के डिवाइस और उपभोक्ता कारोबार का राजस्व घटा है।
कंपनी ने बताया कि इस हिस्से से 15.5 अरब डॉलर की कमाई हुई, जो पिछले साल की समान तिमाही से 3 फीसदी कम है। वहीं, विंडोज OEM और डिवाइस से होने वाले राजस्व में 22 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
इससे पता चलता है कि कंपनी के अलग-अलग कारोबार का प्रदर्शन एक जैसा नहीं रहा।
अन्य
बढ़ती मांग के लिए खर्च भी बढ़ा रही कंपनी
माइक्रोसॉफ्ट भविष्य में क्लाउड और AI सेवाओं की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए बड़े निवेश कर रही है।
कंपनी का पूंजीगत खर्च इस तिमाही में 45.2 अरब डॉलर से ज्यादा पहुंच गया, जो उसका अब तक का सबसे बड़ा तिमाही खर्च है। इसके अलावा, कंपनी ने बताया कि भविष्य में मिलने वाले तय व्यावसायिक राजस्व का आंकड़ा 73 फीसदी बढ़कर 677 अरब डॉलर हो गया है।
इसमें मौजूदा अनुबंधों से मिलने वाली संभावित कमाई शामिल है।